छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट है. छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2 तृतीय श्रेणी उप समूह-2 के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की तारीख घोषित की है. परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी.

इस भर्ती में सहायक ग्रेड-3 के सबसे अधिक 1,206 पद शामिल हैं. इसके अलावा स्टेनो, शीघ्रलेखक, डाटा एंट्री ऑपरेटर, पंजीयन लिपिक और सहायक उप निरीक्षक समेत अन्य पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सहायक उप निरीक्षक-अ (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद, पंजीयन लिपिक के 50 पद, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 पद और उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक) सामान्य शाखा हिंदी के 34 पद भर्ती में शामिल हैं.

आवेदन और पात्रता की जानकारी

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के पोर्टल के माध्यम से किए जाएंगे. आवेदन प्रक्रिया कब शुरू होगी और अंतिम तिथि क्या रहेगी, इसकी जानकारी अभी अलग से जारी की जानी है.

मंडल की ओर से पदवार पात्रता, भर्ती नियम, पाठ्यक्रम, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा संचालन से जुड़े निर्देश विस्तृत विज्ञापन में उपलब्ध कराए जाएंगे. अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञापन में शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जांच करनी होगी.