रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) गठन के बाद 25 गुना बढ़ा है. उन्होंने कहा कि इस अवधि में राज्य का वार्षिक बजट 30 गुना और प्रति व्यक्ति आय 17 गुना बढ़ी है.

शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने राज्य की साक्षरता दर 65 प्रतिशत से बढ़कर 79 प्रतिशत होने का दावा किया. उनके मुताबिक, राज्य में ITI संस्थानों की संख्या दोगुनी, इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या तीन गुना और पॉलिटेक्निक संस्थानों की संख्या छह गुना हुई है. कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की संख्या में भी छह गुना वृद्धि का दावा किया गया.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा समेत कई नेता मौजूद रहे. शाह ने कहा कि अगले 10 वर्षों में छत्तीसगढ़ की भूमि और यहां के लोगों, दोनों की समृद्धि सरकार का लक्ष्य है.