छत्तीसगढ़ के GST विभाग में सीमित भर्ती परीक्षा के जरिए वाणिज्यिक कर निरीक्षक बनाए गए 42 कर्मचारियों की नियुक्तियां रद्द कर दी गई हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर राज्य कर आयुक्त पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने परीक्षा और उसके आधार पर हुए चयन को निरस्त करने का आदेश जारी किया है. आदेश के बाद सभी कर्मचारियों को उनके मूल लिपिक पद और उसी पदस्थापना पर वापस भेजा जाएगा.
इन कर्मचारियों का चयन 2021 और 2022 में हुई सीमित भर्ती परीक्षा के जरिए किया गया था. परीक्षा में विभाग के लिपिक पद पर कार्यरत कर्मचारियों को वाणिज्यिक कर निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया था. बाद में परीक्षा की प्रक्रिया को लेकर शिकायतें सामने आईं, जिसके बाद जांच समिति बनाई गई.
उत्तर-पुस्तिकाओं और परीक्षा रिकॉर्ड पर सवाल
जांच समिति के मुताबिक, कई चयनित अभ्यर्थियों की उत्तर-पुस्तिकाओं में एक जैसे जवाब मिले. GST की धाराओं और नियमों से जुड़े सवालों के उत्तरों में समानता के अलावा कुछ जवाब मॉडल आंसर से भी काफी मिलते-जुलते पाए गए. गणित के कुछ सवालों में बिना रफ वर्क के सीधे उत्तर लिखे होने की बात भी रिपोर्ट में दर्ज है.
डॉ. खूबचंद बघेल की जीवनी पर पूछे गए निबंध में भी कुछ चयनित अभ्यर्थियों के जवाब एक जैसे पाए गए. हालांकि, उपलब्ध जानकारी में इन समानताओं के आधार पर किसी कर्मचारी की व्यक्तिगत भूमिका या दोष का अलग-अलग निर्धारण नहीं बताया गया है.
जांच के दौरान परीक्षा केंद्र की उपस्थिति पंजी नहीं मिली. इससे यह सत्यापित करना मुश्किल हुआ कि परीक्षा में कौन-कौन कर्मचारी शामिल हुए थे. परीक्षा की समेकित अंक तालिका भी तैयार नहीं की गई थी, इसलिए प्रत्येक अभ्यर्थी के अंक और मेरिट सूची तैयार करने का आधार स्पष्ट नहीं हो सका.
उत्तर-पुस्तिकाओं पर ऐसी कोडिंग व्यवस्था भी नहीं थी, जिससे जांच के दौरान अभ्यर्थी की पहचान छिपी रहती. जांच रिपोर्ट के अनुसार, कुछ कॉपियों का पुनर्मूल्यांकन हुआ और उसके बाद कुछ चयनित अभ्यर्थियों के अंक बढ़े. पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में चयन समिति से जुड़े अधिकारियों की भागीदारी का भी उल्लेख रिपोर्ट में किया गया है.
आरक्षण रोस्टर और उत्तर-पुस्तिकाओं का रिकॉर्ड भी अधूरा
जांच में परीक्षा से पहले पदों का वर्गवार आरक्षण रोस्टर के अनुसार निर्धारण नहीं किए जाने की बात सामने आई. विभाग के अनुसार, इससे पात्र कर्मचारियों को समान अवसर देने की व्यवस्था प्रभावित हुई.
2021 और 2022 की परीक्षाओं में इस्तेमाल हुई उत्तर-पुस्तिकाओं का पूरा रिकॉर्ड भी नहीं मिला. खरीदी गई, इस्तेमाल की गई और बची हुई उत्तर-पुस्तिकाओं की संख्या में अंतर पाया गया.
सीमित भर्ती परीक्षा की चयन समिति में तत्कालीन अपर आयुक्त कल्पना तिवारी, तत्कालीन संयुक्त आयुक्त और वर्तमान अपर आयुक्त टीआर धुर्वे तथा सहायक आयुक्त रौशन सिंह शामिल थे. भर्ती के समय विभाग के आयुक्त समीर विश्नोई थे.
