छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 1,535 अतिथि शिक्षकों के छह महीने के मानदेय भुगतान के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने 18 करोड़ 42 लाख रुपए का बजट जारी किया है. यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 25 जिलों को आवंटित की गई है. लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में 18 सितंबर को आदेश जारी किया था.

प्रावधान के अनुसार, प्रत्येक अतिथि शिक्षक को हर महीने 20 हजार रुपए मानदेय दिया जाता है. छह महीने के लिए एक शिक्षक को 1 लाख 20 हजार रुपए मिलेंगे. जिलों में कार्यरत शिक्षकों की संख्या के आधार पर संबंधित जिला स्तर पर भुगतान के लिए राशि उपलब्ध कराई गई है.

बलरामपुर में सबसे ज्यादा अतिथि शिक्षक

जिलावार संख्या के लिहाज से बलरामपुर में सबसे ज्यादा 220 अतिथि शिक्षक कार्यरत हैं. इनके छह महीने के मानदेय के लिए 2 करोड़ 64 लाख रुपए आवंटित किए गए हैं. कोंडागांव में 141 शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 69 लाख 20 हजार रुपए और बस्तर में 133 शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपए का प्रावधान किया गया है.

सूरजपुर के 130 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 56 लाख रुपए और कांकेर के 126 शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 51 लाख 20 हजार रुपए आवंटित किए गए हैं. सरगुजा में 71 शिक्षकों के मानदेय के लिए 85 लाख 20 हजार रुपए रखे गए हैं.

बस्तर संभाग के सभी सात जिले शामिल

आवंटन में बस्तर संभाग के सभी सात जिले शामिल हैं. दंतेवाड़ा के 31 शिक्षकों के लिए 37 लाख 20 हजार रुपए, सुकमा और बीजापुर के 48-48 शिक्षकों के लिए 57 लाख 60 हजार रुपए प्रति जिला तथा नारायणपुर के 36 शिक्षकों के लिए 43 लाख 20 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं. विभाग के अनुसार, बजट का निर्धारण जिलों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों की संख्या के आधार पर किया गया है.