छत्तीसगढ़ में अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए 18 करोड़ 42 लाख रुपये का आवंटन जारी किया गया है. यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 में छह माह के भुगतान के लिए स्वीकृत की गई है. इससे प्रदेश के 25 जिलों में कार्यरत कुल 1,535 अतिथि शिक्षकों को लाभ मिलेगा.

लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से 18 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार अतिथि शिक्षकों का मासिक मानदेय 20 हजार रुपये निर्धारित है. छह महीने के हिसाब से प्रत्येक शिक्षक के लिए 1.20 लाख रुपये का मानदेय बनता है.

बस्तर संभाग के सात जिलों के लिए आवंटन

बस्तर जिले के 133 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपये, कांकेर के 126 शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 51 लाख 20 हजार रुपये और कोंडागांव के 141 शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 69 लाख 20 हजार रुपये जारी किए गए हैं.

दंतेवाड़ा के 31 शिक्षकों के लिए 37 लाख 20 हजार रुपये, सुकमा और बीजापुर के 48-48 शिक्षकों के लिए 57 लाख 60 हजार रुपये तथा नारायणपुर के 36 शिक्षकों के लिए 43 लाख 20 हजार रुपये आवंटित किए गए हैं.

प्रदेश में बलरामपुर के 220 अतिथि शिक्षकों के लिए सबसे अधिक 2 करोड़ 64 लाख रुपये जारी हुए हैं. सूरजपुर के 130 शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 56 लाख रुपये और सरगुजा के 71 शिक्षकों के लिए 85 लाख 20 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं.