छत्तीसगढ़ सरकार कुपोषण और एनीमिया से निपटने के लिए ‘हर-घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान शुरू करने की तैयारी कर रही है. इसके तहत प्रदेश के घरों में मुनगा यानी सहजन के पौधे लगाने की योजना है. फरवरी से मार्च 2027 के बीच लोगों को पौधे मुफ्त बांटे जाएंगे.

अभियान के तहत राज्य के करीब 23,500 स्कूलों में भी मुनगा के पौधे लगाए जाएंगे. स्कूलों में पोषण वाटिका विकसित की जाएगी और मिड-डे मील में मुनगा भाजी शामिल करने की योजना है. घरों के अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों, आश्रमों और छात्रावासों में भी पौधे लगाए जाएंगे. बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई है.

इस अभियान की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में पौधों की तैयारी, रोपण, सिंचाई, सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था पर चर्चा की गई. सभी जिलों में अभियान की निगरानी कलेक्टरों के स्तर पर की जाएगी.

तीन विभागों की नर्सरियों में तैयार होंगे पौधे

उद्यानिकी, कृषि एवं किसान कल्याण और वन विभाग की नर्सरियों में मुनगा के पौधे तैयार किए जाएंगे. उद्यानिकी और कृषि विभाग पौधों की गुणवत्ता, रोपण तकनीक, जैविक खाद और सुरक्षा को लेकर तकनीकी सहयोग देंगे. पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग गांवों में बाड़ियों की पहचान, नर्सरी तैयार करने और स्व-सहायता समूहों के जरिए जागरूकता में मदद करेगा.

पौधों की निगरानी के लिए डिजिटल जियो-टैगिंग और लाइव डैशबोर्ड का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे रोपे गए पौधों का स्थान और उनकी स्थिति दर्ज की जा सकेगी. महिला एवं बाल विकास विभाग को अभियान का नोडल विभाग बनाया गया है. यह विभाग आंगनबाड़ी स्तर पर समन्वय, हितग्राहियों के चयन, पोषण संबंधी जानकारी और निगरानी का काम संभालेगा.