छत्तीसगढ़ में कुपोषण और एनीमिया के खिलाफ ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ राज्यव्यापी अभियान शुरू किया गया है. तीजा-पोरा पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में अभियान की शुरुआत हुई. इस दौरान अभियान का लोगो जारी किया गया और पोषण जागरूकता के लिए ‘सुपोषण रथ’ को रवाना किया गया.

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की मौजूदगी में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य मुनगा को परिवारों की बाड़ी और भोजन तक पहुंचाना है. योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, पोषण वाटिकाओं और ग्रामीण घरों में मुनगा के पौधे लगाए और वितरित किए जाएंगे.

अभियान के लिए राज्य के 52,553 आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए 7.88 लाख परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया गया है. प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र क्षेत्र में 15 पौधे लगाने और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है.

पौधों की स्थिति पर डिजिटल डैशबोर्ड के जरिए नजर रखी जाएगी. इसमें कितने पौधे जीवित हैं, कितने क्षतिग्रस्त हुए और किन स्थानों पर दोबारा रोपण की जरूरत है, इसकी जानकारी दर्ज की जाएगी.

विभाग के अनुसार, मुनगा आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन और विटामिन का स्रोत है और इसे बच्चों तथा महिलाओं के पोषण से जोड़कर देखा जा रहा है. मंत्री ने लोगों से घर की बाड़ी में मुनगा लगाने और सप्ताह में कम से कम तीन बार मुनगा फल, भाजी और फूल भोजन में शामिल करने की अपील की. उन्होंने बताया कि विभाग की छह नई योजनाओं में यह पहली योजना है, जिसे लागू किया गया है.