राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के 18वें कॉमन रिव्यू मिशन (CRM) के तहत केंद्रीय टीम छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करेगी. टीम सुकमा और बलौदाबाजार जिलों का दौरा कर स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं और कार्यक्रमों की जमीनी स्थिति का आकलन करेगी.

इस संबंध में रायपुर के एक निजी होटल में केंद्रीय टीम के सदस्यों की ब्रीफिंग आयोजित की गई. दौरे के लिए टीम को दो दलों में बांटा गया है. दोनों दल संबंधित जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता और क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करेंगे.

किन कार्यक्रमों पर रहेगा फोकस

ब्रीफिंग के दौरान मातृत्व स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, मलेरिया और टीबी समेत विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और क्रियान्वयन पर चर्चा हुई. समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाओं की उपलब्धता और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चल रहे कार्यक्रमों की जमीनी स्थिति पर ध्यान दिया जाएगा.

केंद्रीय टीम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (NHSRC), NIHFW, ICMR-NIV, CCRAS और अन्य राष्ट्रीय व सहयोगी संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल हैं. टीम में टीबी के अतिरिक्त महानिदेशक डॉ. रघुराम राव, NHSRC के सलाहकार डॉ. ओ. पी. कंसल, NIHFW के प्रोफेसर डॉ. मिहिर कुमार मलिक और ICMR-NIV के वैज्ञानिक डॉ. अशोक मुनिवेंकटप्पा समेत कई अधिकारी व विशेषज्ञ शामिल हैं.

कॉमन रिव्यू मिशन के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं और कार्यक्रमों की प्रगति, उनके क्रियान्वयन तथा जमीनी स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं का आकलन किया जाता है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों और संस्थानों की स्थिति की समीक्षा करना है.