बंगाल की खाड़ी में सक्रिय अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के चार जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले इस अलर्ट के दायरे में हैं.
इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. झोंकों के साथ हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. ऐसे में खुले में रखी कृषि उपज और कमजोर ढांचों को नुकसान की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा की
जिला प्रशासन ने चक्रवात संबंधी अलर्ट को लेकर बैठक कर बचाव और राहत तैयारियों की समीक्षा की. कलेक्टर ने आपदा से निपटने के लिए संबंधित विभागों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं. बिजली आपूर्ति से जुड़े विभाग ने भी कर्मचारियों को सतर्क रहने और जरूरी कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा है.
कृषि विज्ञान केंद्र, सुरगी ने किसानों के लिए सलाह जारी की है. बारिश और तेज हवाओं की आशंका के बीच किसानों को अपनी फसल और कृषि सामग्री की सुरक्षा पर ध्यान देने को कहा गया है.
