छत्तीसगढ़ में 28 और 29 अक्टूबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के असर से 27 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम बदल सकता है. इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. 26 अक्टूबर को प्रदेश में बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं है और मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई गई है.

किसानों के लिए कृषि सलाह

संभावित बारिश को देखते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों को अगले 2 से 4 दिनों तक धान, दलहन और तिलहन की पकी फसलों की कटाई टालने की सलाह दी है. जिन किसानों ने फसल काट ली है, उन्हें उपज को सुरक्षित और ढके हुए स्थान पर रखने को कहा गया है. खेतों में पानी जमा न हो, इसके लिए निकासी की व्यवस्था करने की सलाह भी दी गई है.

सब्जी उत्पादकों से करेला और लौकी जैसी बेल वाली फसलों को सहारा देने को कहा गया है. केले के पौधों और फलदार पेड़ों को तेज हवाओं से बचाने के उपाय करने होंगे. बारिश के दौरान कीटनाशक और कवकनाशक का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है.

कृषि मंत्री रामविचार नेताम और कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और मैदानी अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. विश्वविद्यालय ने किसानों से मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर नजर रखने की अपील की है.

रायपुर में 32 डिग्री तक तापमान

रविवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री रहा. बिलासपुर में अधिकतम तापमान 31.1, पेंड्रारोड में 30.8, जगदलपुर में 31.7 और राजनांदगांव में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 32 और न्यूनतम 20 डिग्री रहने का अनुमान है.