छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश और गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के बाद रायपुर से लेकर बस्तर तक नदी-नाले उफान पर हैं. रायपुर में खारुन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया. रायपुर-दुर्ग को जोड़ने वाला पुराना पुल डूब गया और उस पर करीब एक फीट पानी बहने लगा. पुल पर दोनों ओर बैरिकेडिंग कर पुलिस तैनात की गई है.

यह पुल 2007 के बाद पहली बार इस तरह डूबा है. चंदनीडीह, महादेवघाट, भाठागांव, काठाडीह और दतरेंगा की निचली बस्तियों में रात करीब दो बजे पानी घुस गया. छतों पर फंसे लोगों को शनिवार सुबह एनडीआरएफ और नगर निगम की टीमों ने नावों से सुरक्षित निकाला. सुरक्षा कारणों से महादेवघाट के विसर्जन कुंड में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन पर भी रोक लगा दी गई.

प्रदेशभर में उफनते नदी-नालों में 12 लोगों के बहने या फंसने की सूचना है. हादसों में तीन लोगों की मौत हुई है. रायपुर में सात वर्षीय त्रिवेंद्र की तेज बहाव में बहने के बाद मौत हो गई. बिलासपुर में अरपा नदी में नहाने गए 12 वर्षीय अयान का शव छह घंटे बाद बरामद किया गया, जबकि 16 वर्षीय इमरेश की तलाश जारी है. कांकेर के मरदेल गांव में बारिश के दौरान मकान का हिस्सा गिरने से बुधराम उइके की मलबे में दबकर मौत हो गई. धमतरी में एक बच्ची और एक बुजुर्ग के लापता होने की सूचना है.

राजनांदगांव जिले में दनिया के डूबे पुल पर कार बहने के बाद पांच युवक-युवतियां नदी के बीच झाड़ियों में फंस गए. पुलिस के एक थाना प्रभारी ने रस्सी के सहारे तैरकर सभी को बाहर निकाला, जबकि कार बह गई. धमतरी के भखारा-जोरातराई मार्ग पर भी कार बहने लगी, लेकिन उसमें सवार दो युवकों ने शीशा तोड़कर बाहर छलांग लगाकर जान बचाई. बलौदाबाजार में कोल्हान नाले के पुल पर फंसी बस के सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया.

महानदी के उफान से घिरे 40 लोगों को प्रशासन ने निकाला और 300 से अधिक ग्रामीणों को पंचायत भवनों में भेजा. महासमुंद के 18 तटीय गांवों में अलर्ट है. बस्तर में इंद्रावती के उफान से चित्रकोट जलप्रपात का जलप्रवाह तेज हो गया, जबकि एनएच-30 पर डिमरापाल के पास पानी आने से यातायात प्रभावित रहा.

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ पर बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ गया है. अगले 12 घंटे में इसके कमजोर होने और 27 सितंबर से बारिश की तीव्रता व फैलाव घटने का अनुमान है. 26 सितंबर तक राज्य में 1190.7 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य 1132.3 मिमी से 5.16 प्रतिशत अधिक है.