बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 27 से 29 अक्टूबर के बीच भारी से अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

अलग-अलग दिनों में रेड और ऑरेंज अलर्ट

28 अक्टूबर को दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर में रेड अलर्ट जारी किया गया है. इसी दिन दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर और नारायणपुर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा.

29 अक्टूबर को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली और कबीरधाम में रेड अलर्ट है. कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. 27 अक्टूबर को राज्य के 21 जिलों में यलो अलर्ट है.

रायपुर में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना

राजधानी रायपुर में 27 अक्टूबर को बादल छाए रहने के साथ बारिश, गरज-चमक और आंधी की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. 28 अक्टूबर को रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है.

किसानों के लिए फसल बचाने की सलाह

कृषि मौसम विज्ञानी जीके दास ने किसानों को फिलहाल धान की कटाई टालने की सलाह दी है. कटी हुई फसल को खेत से हटाकर सूखी जगह रखने और तिरपाल से ढंकने को कहा गया है. जलभराव रोकने के लिए खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था करने की सलाह है. फसल को नुकसान होने पर बीमित किसान बीमा कंपनी या कृषि विभाग को तुरंत सूचना दें और नुकसान की तस्वीरें व दस्तावेज सुरक्षित रखें.