छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है. दक्षिण और मध्य हिस्सों में बीते 30 घंटों के दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने 26 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है.

रायपुर, सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभागों के कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. विभाग के अनुसार, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और भारी वर्षा हो सकती है. रायपुर में सुबह से बारिश जारी रहने और दिनभर रुक-रुककर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है.

30 घंटे में कई इलाकों में तेज बारिश

राजधानी रायपुर में 24 घंटे के दौरान 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. जगदलपुर में सबसे अधिक 25 सेंटीमीटर वर्षा हुई. लोहंडीगुड़ा में 23 सेंटीमीटर, बास्तानार और नानगुर में 22 सेंटीमीटर, भनपुरी और मदार्पाल में 21 सेंटीमीटर तथा तोकापाल और माकड़ी में 20 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.

बस्तर और केशकाल में 19 सेंटीमीटर, बचेली में 18, देवभोग में 17 तथा कोहकामेटा में 16 सेंटीमीटर बारिश हुई. अंतागढ़, मैनपुर, धनोरा, अमलीपदर, नारायणपुर, दरभा, ओरछा, बकावंड-बड़े, छिंदगढ़, कोंडागांव और छोटेडोंगर में 15-15 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई.

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिणी अंदरूनी ओडिशा के ऊपर स्थित अवदाब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. इसके अगले 12 घंटे तक अपनी तीव्रता बनाए रखने और उसके बाद कमजोर होकर चिन्हित निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है. 27 सितंबर से प्रदेश में बारिश की रफ्तार धीमी पड़ सकती है.