बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने सहायक शिक्षक भर्ती में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम शैक्षणिक अंकों में पांच प्रतिशत छूट से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण निर्देश दिया है. न्यायमूर्ति बिभु दत्त गुरु ने कहा कि भर्ती एजेंसी को हाई कोर्ट के पूर्व फैसलों और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) की 29 जुलाई 2011 की अधिसूचना का पालन करना अनिवार्य होगा.

मस्तूरी तहसील की निवासी पुष्पा देवी ने 28 जुलाई 2026 को जारी सहायक शिक्षक भर्ती के विज्ञापन को चुनौती दी थी. याचिका में कहा गया कि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को मिलने वाली पांच प्रतिशत शैक्षणिक छूट का विज्ञापन में स्पष्ट उल्लेख नहीं है. यह भी दावा किया गया कि ऑनलाइन आवेदन पोर्टल पर इस छूट का लाभ लेने के लिए अलग व्यवस्था नहीं की गई, जिससे आवेदन के दौरान परेशानी हो सकती है.

याचिकाकर्ता की ओर से हाई कोर्ट के 10 फरवरी 2023 के फैसले और NCTE की अधिसूचना का हवाला दिया गया. उनके अनुसार, इन प्रावधानों के तहत आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम शैक्षणिक अंकों में पांच प्रतिशत छूट का अधिकार है. याचिका में 2019 की भर्ती के संदर्भ में राज्य सरकार के 2 सितंबर 2025 के आदेश का भी उल्लेख किया गया.

राज्य सरकार ने कहा कि भर्ती विज्ञापन में न्यायालय के फैसलों और संबंधित अधिसूचनाओं के अनुसार पात्रता तय करने की बात पहले से शामिल है. इसलिए नियमों का पालन नहीं होने की आशंका के आधार पर दायर याचिका समयपूर्व है.

हाई कोर्ट ने माना कि फिलहाल याचिकाकर्ता के साथ किसी वास्तविक अन्याय या नियम उल्लंघन की स्थिति सामने नहीं आई है. इसी आधार पर याचिका का निराकरण कर दिया गया. हालांकि, कोर्ट ने पुष्पा देवी को स्वतंत्रता दी कि यदि भर्ती एजेंसी नियमों और अधिसूचनाओं के अनुरूप कार्रवाई नहीं करती और उनके अधिकार प्रभावित होते हैं, तो वह दोबारा हाई कोर्ट का रुख कर सकती हैं.