बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने कोरिया जिले के जनकपुर निवासी दुर्गावती भारती के स्थायी जाति प्रमाणपत्र आवेदन पर छह महीने के भीतर निर्णय लेने का निर्देश दिया है. आवेदन लंबित रहने के कारण दुर्गावती ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी.

न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय ने छह अक्टूबर को भारतपुर के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को आदेश दिया कि वह छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (सामाजिक प्रास्थिति प्रमाणन का विनियमन) अधिनियम, 2013 के प्रावधानों के तहत आवेदन का निराकरण करें.

याचिका में बताया गया कि दुर्गावती ने स्थायी जाति प्रमाणपत्र के लिए सक्षम अधिकारी के समक्ष आवेदन किया था. उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता और भाई को पहले ही स्थायी जाति प्रमाणपत्र जारी किया जा चुका है. इसके बावजूद उनके आवेदन पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया. याचिकाकर्ता के अनुसार, अधिकारी की ओर से मौखिक रूप से प्रमाणपत्र जारी करने में असमर्थता जताई गई थी.

याचिका में यह आरोप भी लगाया गया कि अधिकारी 1950 से पहले का दस्तावेज प्रस्तुत करने पर जोर दे रहे थे. राज्य की ओर से उप महाधिवक्ता धर्मेश श्रीवास्तव ने कहा कि आवेदन लंबित है, इसलिए सक्षम अधिकारी को उस पर अंतिम निर्णय लेना चाहिए. उन्होंने अदालत को बताया कि सामाजिक प्रास्थिति प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया के लिए राज्य में 2013 का कानून लागू है.

दस्तावेज उपलब्ध न होने की स्थिति

हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यदि आवेदक के पास सभी आवश्यक प्रमाणपत्र या दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, तो उसे अपनी असमर्थता का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने की अनुमति दी जाए. इसके बाद सक्षम अधिकारी उपलब्ध दस्तावेजों और कानून में निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर मामले पर निर्णय ले सकते हैं.

अदालत ने आदेश की प्रति प्राप्त होने की तारीख से छह महीने के भीतर उचित निर्णय लेने का निर्देश दिया और याचिका का निराकरण कर दिया.