छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कोरबा के बिसाहूदास महंत मेमोरियल गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज की संविदा महिला डॉक्टर को 180 दिन का सवेतन मातृत्व अवकाश देने का आदेश दिया है. अदालत ने कॉलेज प्रशासन का बर्खास्तगी नोटिस और याचिका खारिज करने वाला सिंगल बेंच का फैसला भी रद्द कर दिया.
चीफ जस्टिस कृष्णा राम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने डॉ. निकिता श्रीवास्तव की अपील पर यह आदेश दिया. डॉ. निकिता को 16 नवंबर 2022 को कॉलेज के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में संविदा सहायक प्रोफेसर नियुक्त किया गया था.
नौकरी के दौरान गर्भवती होने पर उन्होंने मातृत्व लाभ अधिनियम, 1961 के तहत 31 जुलाई 2026 को आवेदन किया था. उन्होंने 1 अगस्त 2026 से 28 जनवरी 2027 तक 180 दिन के सवेतन मातृत्व अवकाश की मांग की थी. विभागाध्यक्ष ने 3 अगस्त को आवेदन डीन के अनुमोदन के लिए भेज दिया था.
अवकाश आवेदन के बाद जारी हुआ बर्खास्तगी नोटिस
कॉलेज प्रशासन ने अवकाश मंजूर करने के बजाय 6 अगस्त 2026 को उन्हें एक महीने का बर्खास्तगी नोटिस जारी किया. प्रशासन का तर्क था कि उनके पद पर नियमित डॉक्टर डॉ. शीला वर्मा की नियुक्ति 25 जून 2026 को हो चुकी थी, इसलिए संविदा सेवा समाप्त मानी जानी चाहिए.
डॉ. निकिता ने इस आदेश को हाईकोर्ट की सिंगल बेंच में चुनौती दी थी. वहां से राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने डिवीजन बेंच में अपील की. सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के डॉ. कविता यादव बनाम सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय मामले का हवाला दिया गया, जिसमें मातृत्व लाभ की अवधि संविदा समाप्त होने के बाद भी प्रभावी रहने की बात कही गई थी.
हाईकोर्ट ने कहा कि नियमित डॉक्टर के नियुक्त होने के बाद भी कॉलेज ने डॉ. निकिता को सेवा में बनाए रखा था. मातृत्व अवकाश का आवेदन करते समय वह सेवा में थीं. अदालत ने 8 सितंबर 2026 के सिंगल बेंच के फैसले और 6 अगस्त के बर्खास्तगी नोटिस को अवैध ठहराते हुए रद्द कर दिया. कॉलेज को आवेदन की तारीख से 180 दिन का मातृत्व अवकाश तथा अधिनियम के तहत मिलने वाले अन्य वित्तीय और मातृत्व लाभ देने का निर्देश दिया गया है.
