छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने कोरबा स्थित स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति शासकीय मेडिकल कॉलेज की संविदा सहायक प्राध्यापक डॉ. निकिता श्रीवास्तव को 180 दिन का सवैतनिक मातृत्व अवकाश और नियमानुसार सभी लाभ देने का आदेश दिया है. अदालत ने कॉलेज प्रबंधन का सेवा समाप्ति नोटिस भी निरस्त कर दिया.
मुख्य न्यायाधीश कृष्ण राम महापात्र और न्यायमूर्ति संतोष शर्मा की पीठ ने 14 अक्टूबर को यह फैसला सुनाया. पीठ ने कहा कि यदि संविदा सेवा जारी रहने के दौरान मातृत्व अवकाश के लिए आवेदन किया गया है, तो केवल नियमित डॉक्टर की नियुक्ति का आधार लेकर अवकाश से इनकार नहीं किया जा सकता.
कैसे शुरू हुआ विवाद
डॉ. निकिता श्रीवास्तव की नियुक्ति 16 नवंबर 2022 को मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में हुई थी. नियमित नियुक्त डॉक्टर डॉ. शीला वर्मा ने 25 जून 2026 को पदभार संभाला, इसके बावजूद निकिता संविदा पर काम करती रहीं.
निकिता ने 31 जुलाई 2026 को 1 अगस्त 2026 से 28 जनवरी 2027 तक 180 दिन के सवैतनिक मातृत्व अवकाश के लिए आवेदन दिया था. विभागाध्यक्ष ने 3 अगस्त को आवेदन की अनुशंसा की. इसके तीन दिन बाद, 6 अगस्त को उन्हें एक महीने का सेवा समाप्ति नोटिस जारी कर दिया गया.
मामले में हाई कोर्ट की एकल पीठ का 8 सितंबर 2026 का आदेश भी चुनौती के दायरे में था. खंडपीठ ने एकल पीठ के आदेश के साथ-साथ सेवा समाप्ति नोटिस को भी निरस्त कर दिया.
सुनवाई के दौरान निकिता के अधिवक्ता ने सुप्रीम कोर्ट के डॉ. कविता यादव बनाम सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय मामले का हवाला दिया. राज्य सरकार की ओर से तर्क दिया गया कि नियमित डॉक्टर के पदभार संभालने के बाद संविदा नियुक्ति की शर्तों के अनुसार सेवा समाप्त हो गई थी. हाई कोर्ट ने माना कि मातृत्व अवकाश का आवेदन दिए जाने के समय निकिता सेवा में थीं और उन्हें मातृत्व लाभ अधिनियम, 1961 के तहत लाभ मिलना चाहिए.
