छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने जमीन के बंटवारे से जुड़े पुराने मामले में सरगुजा निवासी भरोष दास की याचिका खारिज कर दी. याचिकाकर्ता ने वर्ष 2009 में दिए गए एकतरफा फैसले को निरस्त करने की मांग की थी. अदालत ने माना कि वह मुकदमे की सुनवाई में अपनी गैरहाजिरी का पर्याप्त कारण साबित नहीं कर सके.
जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की एकल पीठ ने 16 अक्टूबर 2026 को दिए आदेश में कहा कि केवल वकील पर निर्भर रहने और वकील की कथित चूक का हवाला देने से हर मामले में राहत नहीं दी जा सकती. हाई कोर्ट को निचली अदालतों के आदेशों में गंभीर कानूनी या अधिकार क्षेत्र संबंधी त्रुटि नहीं मिली.
यह मामला वर्ष 1996 में कल्याण दास और फगनीबाई की ओर से दायर दीवानी मुकदमे से जुड़ा है. उन्होंने जमीन के स्वामित्व की घोषणा, बंटवारे और स्थायी निषेधाज्ञा की मांग की थी. दावेदारों ने अनुसूची-अ की संपत्ति में एक-तिहाई और अनुसूची-ब की संपत्ति में आधे हिस्से का दावा किया था. निचली अदालत ने 4 सितंबर 2009 को उनके पक्ष में एकतरफा फैसला सुनाया.
इसके बाद भरोष दास और अन्य पक्षकारों ने आदेश-9 नियम-13 के तहत फैसला रद्द करने की अर्जी दी. उन्होंने कहा कि वकील ने उन्हें आश्वस्त किया था कि जरूरत पड़ने पर अदालत में बुलाया जाएगा और वर्ष 2009 की डायरी में अगली तारीख दर्ज नहीं हो सकी.
हाई कोर्ट के अनुसार, भरोष दास खुद सुनवाई में उपस्थित नहीं हुए थे. उन्हें यह भी जानकारी नहीं थी कि वकील कब नियुक्त हुआ और वह कितनी बार अदालत गया. उन्होंने पुराने वकील से मामले की स्थिति जानने के लिए खुद संपर्क करने से भी इनकार किया. वकील से बातचीत के कथित माध्यम बताए गए उनके भाई रामदास को भी गवाही के लिए पेश नहीं किया गया.
अदालत ने कहा कि अनुच्छेद 227 के तहत हाई कोर्ट ट्रायल कोर्ट की तरह साक्ष्यों का दोबारा मूल्यांकन नहीं कर सकता. निचली अदालत और अपीलीय अदालत के आदेशों में हस्तक्षेप का आधार नहीं मिलने पर याचिका खारिज कर दी गई.
