छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक पति की तलाक याचिका खारिज करने वाले फैमिली कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा है. अदालत ने कहा कि पत्नी का पति को सांवला या मोटा कहना, अपने आप में तलाक की डिक्री देने का पर्याप्त आधार नहीं हो सकता.
जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू और जस्टिस सचिन सिंह राजपूत की डिवीजन बेंच ने पति की अपील खारिज करते हुए कहा कि वह पत्नी की ओर से कथित क्रूरता और परित्याग के आरोप ठोस साक्ष्यों से साबित नहीं कर सका.
वैवाहिक विवाद के आरोप
मामला जांजगीर-चांपा जिले के एक व्यक्ति और रायगढ़ की महिला के बीच वैवाहिक विवाद से जुड़ा है. रिपोर्ट के अनुसार, दोनों का विवाह 7 मार्च 2019 को हुआ था और पत्नी शादी के बाद करीब दो से तीन महीने ससुराल में रही.
पति ने आरोप लगाया था कि पत्नी उसके साथ उचित व्यवहार नहीं करती थी, झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी और बार-बार मायके चली जाती थी. उसने यह भी कहा था कि पत्नी बिना अनुमति राजस्थान में एक रिश्तेदार की शादी में गई और करीब 25 दिन बाद लौटी.
पत्नी ने इन आरोपों से इनकार किया. उसने पति पर दुर्व्यवहार करने, गर्भावस्था के दौरान उचित चिकित्सा सुविधा न देने तथा दूसरी महिला से संबंध होने के आरोप लगाए थे.
स्त्रीधन लौटाने का निर्देश भी कायम
हाईकोर्ट ने कहा कि पति यह भी नहीं दिखा सका कि पत्नी बिना उचित कारण मायके में रह रही थी या उसका वैवाहिक संबंध समाप्त करने का स्पष्ट इरादा था. अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फैमिली कोर्ट के निष्कर्ष में दखल देने से इनकार कर दिया.
फैमिली कोर्ट ने तलाक याचिका खारिज करने के साथ पत्नी का स्त्रीधन, उसके माता-पिता की ओर से दिए गए उपहार और अन्य सामान लौटाने का निर्देश दिया था. हाईकोर्ट ने इस आदेश को भी बरकरार रखा.
