बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने एक वैवाहिक विवाद में कहा कि पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का किसी दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना और उससे मिलना वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता के दायरे में आ सकता है. अदालत ने इसके लिए हर मामले में शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण जरूरी नहीं माना.
जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने फैमिली कोर्ट का फैसला पलटते हुए पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली. अदालत ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की.
कोरिया जिले के दंपती का मामला
मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी दंपती से जुड़ा है. दोनों की शादी 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं. पति ने आरोप लगाया था कि पत्नी दूसरे पुरुष से संपर्क में रहती हैं और आपत्ति के बावजूद उससे बातचीत जारी रखती हैं. पति के मुताबिक, इससे वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ.
इन आरोपों के आधार पर दायर तलाक की अर्जी को फैमिली कोर्ट ने 23 नवंबर 2019 को पर्याप्त सबूत नहीं होने के कारण खारिज कर दिया था. इसके बाद पति ने हाई कोर्ट में अपील की.
हाई कोर्ट ने गवाहों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा की. अदालत के अनुसार, फैमिली कोर्ट ने मामले के कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर पर्याप्त विचार नहीं किया था. पति, बेटे और बेटी की गवाही को भी महत्वपूर्ण माना गया. गवाही में परिवार के अन्य सदस्यों की गैरमौजूदगी में एक व्यक्ति के घर आने और महिला से मिलने की बात कही गई थी.
अदालत ने यह भी माना कि लगातार फोन पर बातचीत, पति की गैरमौजूदगी में व्यक्ति को घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना जैसे आचरणों को मामले के समग्र तथ्यों के साथ नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
