छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बैकुंठपुर निवासी एक दंपती के तलाक मामले में पति की अपील मंजूर कर ली. कोर्ट ने कहा कि पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का किसी दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता के आकलन का आधार बन सकता है. इसके लिए हर मामले में शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण होना जरूरी नहीं है.
यह मामला 32 साल पुराने विवाह से जुड़ा है. दंपती की शादी 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं. पति ने आरोप लगाया था कि पत्नी दूसरे पुरुष से लगातार बातचीत करती थी और समझाने के बावजूद संपर्क बंद नहीं किया. इससे वैवाहिक जीवन प्रभावित होने का दावा करते हुए उसने तलाक मांगा था.
23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त सबूत नहीं होने के आधार पर याचिका खारिज कर दी थी. इसके बाद पति ने हाईकोर्ट में अपील की. सुनवाई के दौरान बेटी ने बताया कि उसकी मां दूसरे व्यक्ति से लगातार फोन पर बात करती थी. बेटे ने गवाही दी कि पिता की गैरमौजूदगी में वह व्यक्ति घर आता था और उसकी मां उसके साथ बाहर भी जाती थी.
पति ने यह भी बताया कि 22 अगस्त 2017 को उसने अपनी पत्नी को उसी व्यक्ति के साथ बाइक पर देखा था. उसके अनुसार, समझाने के बाद कुछ समय तक संपर्क रुका, लेकिन बाद में फिर शुरू हो गया.
हाईकोर्ट ने कहा कि ऐसे मामलों में फोन रिकॉर्डिंग या वीडियो जैसे प्रत्यक्ष सबूत हर बार उपलब्ध नहीं होते. परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का संयुक्त मूल्यांकन जरूरी है. कोर्ट ने लगातार बातचीत, घर बुलाने और साथ बाहर जाने जैसी गतिविधियों को मामले के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना.
जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने फैमिली कोर्ट का फैसला पलटते हुए हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की.
