छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पत्नी द्वारा पति को “काला” या “मोटा” कहे जाने का आरोप, अपने आप में तलाक देने के लिए पर्याप्त आधार नहीं है. अदालत ने पति की अपील खारिज करते हुए फैमिली कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा.
जस्टिस पार्थ प्रीतम साहू और जस्टिस सचिन सिंह राजपूत की पीठ ने कहा कि पति ने पत्नी के खिलाफ क्रूरता और परित्याग के कई आरोप लगाए, लेकिन उन्हें साबित करने के लिए ठोस और विशिष्ट साक्ष्य पेश नहीं किए. अदालत के अनुसार, केवल आरोपों की संख्या अधिक होने से वे तलाक का आधार नहीं बन जाते.
मामले में दंपती का विवाह मार्च 2019 में हुआ था. पति के अनुसार, पत्नी शादी के कुछ समय बाद अलग रहने लगी और उसने उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी. पत्नी ने इसके विपरीत पति पर दूसरी महिला से संबंध, शराब सेवन और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए. उसने यह भी बताया कि गर्भावस्था के दौरान उसका गर्भपात हुआ था और इलाज के लिए वह अपनी मां के साथ चली गई थी.
हाईकोर्ट ने कहा कि पति यह भी साबित नहीं कर सका कि पत्नी बिना उचित कारण मायके में रह रही थी या वैवाहिक संबंध छोड़ने का उसका स्पष्ट इरादा था. अदालत ने पत्नी के स्त्रीधन और उसके माता-पिता द्वारा दिए गए सामान को लौटाने का निर्देश भी बरकरार रखा.
