छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने बेमेतरा जिले की ग्राम पंचायत हथीदोब में पदस्थ रोजगार सहायक हेमलता सिन्हा की सेवा समाप्ति का आदेश निरस्त कर दिया है. एकलपीठ ने कहा कि संविदा कर्मचारी के विरुद्ध आरोपों अथवा कथित अनियमितताओं के आधार पर दंडात्मक या कलंकित करने वाला आदेश देने से पहले उचित जांच और सुनवाई का अवसर जरूरी है.

मामले की सुनवाई जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की एकलपीठ ने की. अदालत ने 15 जुलाई 2024 के सेवा समाप्ति आदेश को रद करते हुए उससे जुड़े लाभ देने के निर्देश दिए. हालांकि, संबंधित अधिकारियों को नियमों के अनुरूप नए सिरे से जांच करने की स्वतंत्रता भी दी गई है.

शिकायत के बाद हुई थी कार्रवाई

उपलब्ध विवरण के अनुसार, हेमलता सिन्हा 27 जनवरी 2017 से संविदा आधार पर रोजगार सहायक के पद पर कार्यरत थीं और उनकी सेवा समय-समय पर बढ़ाई गई थी. 13 मई 2024 को ग्रामीणों ने सरपंच, सचिव, तकनीकी सहायक और रोजगार सहायक के विरुद्ध अनियमितताओं की शिकायत की थी.

शिकायत के आधार पर हेमलता सिन्हा को कारण बताओ नोटिस दिया गया था. उन्होंने जवाब में आरोपों से इनकार किया. इसके बाद एक समिति ने जांच की, जिसमें चार पदाधिकारियों से जुड़े मामलों में कुल 8 लाख 26 हजार 504 रुपये की कथित अनियमितता बताई गई.

26 जून 2024 को हेमलता सिन्हा पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया और कथित राशि की वसूली का निर्देश दिया गया था. इसके बाद 15 जुलाई को उनकी सेवा समाप्त कर दी गई थी. हाई कोर्ट के ताजा आदेश के बाद प्रशासन नियमानुसार आगे की जांच कर सकेगा.