छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने ESIC की स्टाफ नर्स भर्ती में चयनित अभ्यर्थी के नौकरी जॉइन नहीं करने के बाद मेरिट में अगले उम्मीदवार को मौका नहीं देने को गलत माना है. जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू और जस्टिस सचिन सिंह राजपूत की डिवीजन बेंच ने केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) का आदेश रद्द कर दिया. कोर्ट ने ESIC को याचिकाकर्ता की उम्मीदवारी पर दो महीने के भीतर नए सिरे से विचार करने का निर्देश दिया है.
मामला 2019 में जारी ESIC के भर्ती विज्ञापन से जुड़ा है. इसमें फार्मासिस्ट और स्टाफ नर्स के पद शामिल थे. स्टाफ नर्स के 17 पदों में एक पद अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षित था. धमतरी की दीप्ति साहू ने इस पद के लिए आवेदन किया था. मेरिट सूची में उनका स्थान 18वां था और उन्हें 63.26 अंक मिले थे.
OBC वर्ग में उनसे ऊपर राखी पाल थीं. राखी पाल को 66.03 अंक मिले थे और उनका चयन हो गया था. हालांकि, चयन के बाद उन्होंने 24 जुलाई 2019 को ESIC को नौकरी जॉइन नहीं करने की सूचना दी. इसके बाद दीप्ति साहू ने मेरिट के आधार पर उस पद पर अपनी दावेदारी पेश की, लेकिन ESIC ने उनकी उम्मीदवारी पर विचार नहीं किया.
दीप्ति ने पहले ESIC और फिर कैट के समक्ष अपनी बात रखी. वहां राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की.
रिजर्व सूची के प्रावधान पर कोर्ट की टिप्पणी
हाईकोर्ट ने 21 जून 2019 के प्रशासनिक निर्देशों का हवाला दिया. इन निर्देशों में चयन सूची जारी होने के बाद 25 प्रतिशत रिजर्व सूची तैयार करने का प्रावधान था. किसी चयनित उम्मीदवार के जॉइन नहीं करने या उसकी उम्मीदवारी रद्द होने की स्थिति में अगले अभ्यर्थी को अवसर देने की व्यवस्था थी.
कोर्ट ने कहा कि भर्ती नियमों में वेटिंग लिस्ट का स्पष्ट प्रावधान न होने के बावजूद सक्षम अधिकारी के प्रशासनिक निर्देशों का पालन किया जाना जरूरी था. अदालत के अनुसार, अधिकारियों ने इन निर्देशों के मुताबिक रिजर्व सूची तैयार नहीं की.
