छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पत्नी को समुचित तरीके से नोटिस दिए बिना पारित की गई एकतरफा तलाक की डिक्री को चुनौती देने वाली कार्यवाही में फैमिली कोर्ट का आदेश रद्द कर दिया है. कोर्ट ने मामला नए सिरे से विचार के लिए वापस भेजते हुए दोनों पक्षों को 12 अक्टूबर को फैमिली कोर्ट में उपस्थित होने का निर्देश दिया है.
जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू और जस्टिस सचिन सिंह राजपूत की डिवीजन बेंच ने कहा कि किसी पक्ष को सुनवाई का उचित अवसर दिए बिना उसके खिलाफ आदेश पारित नहीं किया जा सकता. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अखबार में नोटिस प्रकाशित करना समन की तामील का अंतिम उपाय है. इससे पहले सामान्य तरीके से नोटिस देने और जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्ति के घर पर नोटिस चस्पा करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
मामला सूरजपुर निवासी महिला से जुड़ा है. उसके पति ने 9 जनवरी 2024 को हिंदू विवाह अधिनियम के तहत तलाक का मामला फैमिली कोर्ट में दायर किया था. पत्नी के दिए पते पर पंजीकृत डाक से भेजा गया नोटिस सही पता नहीं होने के कारण वापस लौट आया. इसके बाद पति के अनुरोध पर फैमिली कोर्ट ने अखबार में नोटिस प्रकाशित कराने की अनुमति दी. 29 फरवरी 2024 को स्थानीय अखबार में नोटिस प्रकाशित किया गया.
हाईकोर्ट ने सिविल प्रक्रिया संहिता के आदेश 5 के नियम 17 और 20 का उल्लेख करते हुए कहा कि रिकॉर्ड में पत्नी के घर पर नोटिस चस्पा करने या उसे तामील कराने के अन्य पर्याप्त प्रयास का प्रमाण नहीं है. केवल एक बार नोटिस लौटने के बाद सीधे अखबार में प्रकाशन का आदेश देना उचित प्रक्रिया नहीं थी.
महिला के अनुसार, उसे तलाक की कार्यवाही की जानकारी 18 नवंबर 2024 को औरंगाबाद में चल रहे भरण-पोषण मामले की काउंसलिंग के दौरान मिली. उसने 2 दिसंबर 2024 को एकतरफा डिक्री रद्द करने की अर्जी दायर की. हाईकोर्ट ने देरी माफ करते हुए फैमिली कोर्ट का 23 जून 2025 का आदेश रद्द कर दिया. अब अर्जी पर नए सिरे से फैसला होगा.
