छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की डिवीजन बेंच ने ग्रामीण डाक सेवक भर्ती से जुड़े मामले में केंद्र सरकार की अपील खारिज कर दी है. अदालत ने कहा कि प्रमाणपत्र जारी होने के बाद संबंधित बोर्ड की मान्यता निलंबित होने के आधार पर अभ्यर्थियों को अयोग्य नहीं ठहराया जा सकता.

मुख्य न्यायाधीश कृष्ण राम महापात्र और न्यायाधीश संतोष शर्मा की पीठ ने केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) के फैसले को सही माना. पीठ के अनुसार, कैट ने उपलब्ध तथ्यों और दस्तावेजों पर विचार कर अभ्यर्थियों को न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता के लिए पात्र माना था. उच्च न्यायालय को उस आदेश में कोई त्रुटि नहीं मिली.

प्रमाणपत्र 2012 में जारी हुए थे

मामले में अभ्यर्थियों को 20 दिसंबर 2012 को अंकसूची और प्रमाणपत्र जारी किए गए थे. उन्होंने इन्हीं दस्तावेजों को ग्रामीण डाक सेवक पद के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण के तौर पर प्रस्तुत किया था. भर्ती में दसवीं उत्तीर्ण होने के साथ गणित और अंग्रेजी का ज्ञान आवश्यक बताया गया था.

हेमचरण साहू, उत्तरा कुमार सहित अन्य अभ्यर्थियों का चयन होने के बाद डाक विभाग ने नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए थे. इसके बाद अभ्यर्थियों ने कैट का रुख किया था. कैट ने उनकी याचिका स्वीकार करते हुए उन्हें पात्र माना था.

केंद्र ने दो मान्य बोर्डों का दिया था हवाला

अपील में केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय के 24 दिसंबर 2021 के एक पत्र का उल्लेख किया. केंद्र का पक्ष था कि छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर और छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल, रायपुर ही मान्य संस्थान हैं. साथ ही, अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र जारी करने वाले बोर्ड की मान्यता निलंबित होने की दलील दी गई.

अभ्यर्थियों का कहना था कि उनके प्रमाणपत्र जारी होने के समय वे वैध थे और बाद की कार्रवाई के आधार पर नियुक्ति से वंचित करना अनुचित होगा. उच्च न्यायालय ने कैट के इसी निष्कर्ष को बरकरार रखते हुए केंद्र सरकार तथा चीफ पोस्ट मास्टर की अपील खारिज कर दी.