छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने धमतरी जिले की एक जमीन से जुड़े विवाद में स्पष्ट किया है कि गोदनामा और राजस्व रिकॉर्ड में नामांतरण के आधार पर संपत्ति का अंतिम मालिकाना हक तय नहीं किया जा सकता. अदालत ने दोनों पक्षों को स्वामित्व के विवाद का फैसला कराने के लिए सक्षम दीवानी अदालत जाने की छूट दी है.
न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकल पीठ ने कहा कि राजस्व अभिलेखों में नामांतरण मुख्य रूप से राजस्व वसूली के उद्देश्य से किया जाता है. इससे किसी व्यक्ति के संपत्ति अधिकार या मालिकाना हक का निर्माण अथवा अंत नहीं होता.
गोदनामा और उत्तराधिकार को लेकर विवाद
मामला संतोष तिवारी के पिता और उनकी बुआ भगवंतिन बाई की जमीन से जुड़ा है. राजनांदगांव निवासी शुभेंद्र कुमार शर्मा ने 9 जून 1997 को निष्पादित गोदनामा पेश करते हुए भगवंतिन बाई की संपत्ति पर अधिकार का दावा किया था. भगवंतिन बाई का निधन 10 अक्तूबर 2014 को हुआ. इसके बाद शुभेंद्र ने जमीन अपने नाम दर्ज कराने का आवेदन दिया, जिसे धमतरी तहसीलदार ने स्वीकार कर नामांतरण का आदेश जारी किया.
संतोष तिवारी ने इस आदेश को चुनौती देते हुए हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम की धारा 15 के तहत अपना अधिकार बताया और गोदनामा फर्जी होने का दावा किया. राजस्व अनुविभागीय अधिकारी ने उनकी अपील खारिज की, जबकि रायपुर संभाग के अतिरिक्त आयुक्त ने 22 जून 2021 को तहसीलदार का आदेश रद्द कर दिया. बाद में राजस्व मंडल ने 22 दिसंबर 2021 को अतिरिक्त आयुक्त का फैसला पलटते हुए नामांतरण बहाल कर दिया.
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान शुभेंद्र की ओर से बताया गया कि संतोष तिवारी 20 अक्तूबर 2021 को पंजीकृत विक्रय पत्र के जरिए जमीन लेखनारायण और होरीलाल को बेच चुके हैं. अदालत ने कहा कि रिट याचिका में मालिकाना हक का अंतिम निर्धारण नहीं किया जा सकता. उसने विवाद के गुण-दोष पर कोई राय दिए बिना दोनों पक्षों को दीवानी अदालत में नया मुकदमा दायर करने की स्वतंत्रता दी.
