छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने ग्रामीण डाक सेवक भर्ती से जुड़े मामले में केंद्र सरकार की अपील खारिज कर दी है. चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) के उस आदेश को सही ठहराया, जिसमें संबंधित अभ्यर्थियों को न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता के लिए पात्र माना गया था.

अदालत के सामने हेमचरण साहू, उत्तरा कुमार समेत अन्य अभ्यर्थियों का मामला था. ग्रामीण डाक सेवक पद के लिए 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना और गणित व अंग्रेजी विषयों का ज्ञान आवश्यक था. अभ्यर्थियों ने छत्तीसगढ़ बोर्ड ऑफ स्कूल एंड टेक्निकल एजुकेशन की अंकसूची और प्रमाणपत्र प्रस्तुत किए थे. विभाग ने इस बोर्ड को मान्यता प्राप्त माध्यमिक शिक्षा बोर्ड नहीं माना और उनकी नियुक्ति पर विचार नहीं किया.

मान्यता को लेकर क्या था विवाद

केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय के 24 दिसंबर 2021 के पत्र का हवाला देते हुए कहा था कि छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर और छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल, रायपुर मान्य बोर्ड हैं. सरकार का पक्ष था कि अभ्यर्थियों के दस्तावेज ऐसे बोर्ड से जारी हुए हैं, जिसे केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से मान्यता नहीं मिली थी और जिसकी मान्यता निलंबित थी.

नियुक्ति पर विचार नहीं होने के बाद अभ्यर्थियों ने कैट में याचिका दायर की थी. कैट ने उनके पक्ष में फैसला दिया, जिसके खिलाफ केंद्र सरकार और चीफ पोस्ट मास्टर ने हाईकोर्ट में अपील की.

अभ्यर्थियों की ओर से कहा गया कि उनकी अंकसूची और प्रमाणपत्र 20 दिसंबर 2012 को जारी किए गए थे. इसलिए बाद में बोर्ड की मान्यता से जुड़े आधार पर उन्हें भर्ती प्रक्रिया में विचार से वंचित नहीं किया जा सकता. सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने कैट के आदेश में कोई त्रुटि नहीं पाई और अपील खारिज कर दी.