बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने राज्य सूचना आयोग के उस आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है, जिसमें कलिंगा विश्वविद्यालय को कुछ दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे. अदालत ने आयोग के आदेश के प्रभाव और उसके क्रियान्वयन पर अगली सुनवाई तक रोक लगाई है. मामले की अगली सुनवाई दिसंबर 2026 में होगी.
कलिंगा विश्वविद्यालय ने राज्य सूचना आयोग के 13 जुलाई 2026 के आदेश को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी. विश्वविद्यालय का कहना है कि जशपुर निवासी राजेश कुमार गुप्ता ने हिंदी विषय से संबंधित जिन दस्तावेजों की मांग की है, वे तीसरे पक्ष की निजी जानकारी से जुड़े हैं.
याचिका में यह भी कहा गया कि आवेदक ने इन दस्तावेजों को हासिल करने का कोई सार्वजनिक उद्देश्य स्पष्ट नहीं किया है. विश्वविद्यालय ने तीसरे पक्ष से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के आयोग के निर्देश को हाई कोर्ट में चुनौती दी.
न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकलपीठ ने 30 अक्टूबर को मामले की सुनवाई की. विश्वविद्यालय की ओर से अधिवक्ता अंकित सिंघल ने पक्ष रखा, जबकि राज्य सूचना आयोग की ओर से अधिवक्ता अनुमेष श्रीवास्तव ने आदेश का समर्थन किया. अंतरिम आदेश के बाद फिलहाल आयोग के निर्देश पर अमल रुका रहेगा और विश्वविद्यालय को अगली सुनवाई तक राहत मिली है.
