बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के. आर. महापात्र के पदभार संभालने के बाद राज्य के कुछ न्यायिक अधिकारियों के तबादले किए गए हैं. इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला न्यायालयों के लिए पोर्टफोलियो जज भी नामित किए गए हैं. पोर्टफोलियो जज संबंधित जिलों के न्यायालयों के कामकाज की निगरानी करेंगे.

छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की डायरेक्टर सुषमा सावंत के जस्टिस नियुक्त होने के बाद यह पद रिक्त हुआ था. अब सूरजपुर परिवार न्यायालय की न्यायाधीश डॉ. प्रज्ञा पचौरी को राज्य न्यायिक अकादमी का डायरेक्टर नियुक्त किया गया है.

कोरबा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संतोष शर्मा के हाईकोर्ट में जस्टिस नियुक्त होने के बाद कोरबा परिवार न्यायालय की न्यायाधीश नीता यादव को कोरबा का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है. कुनकुरी में पदस्थ द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश बलराम कुमार देवांगन का तबादला पत्थलगांव, जशपुर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर किया गया है. वहीं, कोरबा श्रम न्यायालय के न्यायाधीश अविनाश तिवारी को कोरबा में ही द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश पद पर पदस्थ किया गया है.

इन जिलों के लिए पोर्टफोलियो जज नियुक्त

जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू को रायपुर, जांजगीर-चांपा और सरगुजा-अंबिकापुर; जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास को राजनांदगांव, बेमेतरा और कोरबा की जिम्मेदारी दी गई है. जस्टिस नरेश कुमार चंद्रवंशी दुर्ग और बालोद, जबकि जस्टिस सचिन सिंह राजपूत रायगढ़ और महासमुंद के पोर्टफोलियो जज होंगे.

जस्टिस राकेश मोहन पांडेय को बस्तर-जगदलपुर और दक्षिण बस्तर-दंतेवाड़ा, जस्टिस संजय कुमार जायसवाल को मुंगेली और कोंडागांव तथा जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल को बिलासपुर और धमतरी सौंपे गए हैं.

जस्टिस बिभु दत्त गुरु सूरजपुर और कोरिया, जस्टिस ए.के. प्रसाद बलौदाबाजार और जशपुर, जस्टिस संतोष शर्मा कबीरधाम-कवर्धा, जस्टिस सुषमा सावंत उत्तर बस्तर-कांकेर और जस्टिस सुधीर कुमार बलरामपुर-रामानुजगंज के पोर्टफोलियो जज नामित किए गए हैं.