बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने राज्य के अभयारण्यों और आरक्षित वन क्षेत्रों में पकड़े जा रहे तेंदुओं के प्रबंधन को लेकर वन विभाग से विस्तृत जानकारी मांगी है. अदालत ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक को तीन सप्ताह के भीतर हलफनामा पेश करने का निर्देश दिया है.

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र और न्यायमूर्ति संतोष शर्मा की युगलपीठ ने यह निर्देश नितिन सिंघवी की जनहित याचिका पर 5 नवंबर को हुई सुनवाई के दौरान दिया. याचिका में पकड़े गए तेंदुओं को रेडियो कॉलर लगाने, उन्हें नीति के अनुसार दूसरे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने और प्राकृतिक आवास में पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराने से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं.

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सूर्या कवलकर डांगी ने वन विभाग के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारियों की ओर से अलग-अलग समय पर पेश किए गए हलफनामों में रेडियो कॉलर लगाने और तेंदुओं के स्थानांतरण की नीति के पालन की स्पष्ट जानकारी नहीं है. लंबे समय तक तेंदुओं को कैद में रखने को लेकर भी चिंता जताई गई.

राज्य शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने अदालत को बताया कि इस दिशा में कदम उठाए गए हैं. हालांकि, सुनवाई के दौरान पकड़े गए तेंदुओं को रेडियो कॉलर लगाने, राज्य के भीतर उनके स्थानांतरण और प्राकृतिक आवास के आसपास पर्याप्त शिकार उपलब्ध कराने से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत नहीं की जा सकी.

अदालत ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक से हलफनामे में रेडियो कॉलर, तेंदुओं के स्थानांतरण, उनके प्राकृतिक आवास में भोजन की उपलब्धता और संबंधित व्यवस्थाओं का पूरा ब्योरा देने को कहा है. इसकी प्रति याचिकाकर्ता के अधिवक्ता को भी उपलब्ध करानी होगी. मामले की अगली सुनवाई 11 जनवरी 2027 को निर्धारित है.