छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सात फेरे नहीं होने का दावा कर विवाह को शून्य घोषित कराने की मांग करने वाले पति की याचिका खारिज कर दी. न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू और न्यायमूर्ति सुषमा सावंत की खंडपीठ ने कहा कि केवल विवाह की रस्मों को लेकर विवाद होने से हिंदू विवाह अधिनियम के तहत विवाह अमान्य नहीं हो जाता.
यह मामला जांजगीर-चांपा जिले के राहौद क्षेत्र के युवक और युवती से जुड़ा है. दोनों की पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी. बाद में उनके बीच संबंध बने और उन्होंने विवाह का निर्णय लिया. उपलब्ध विवरण के अनुसार, 3 फरवरी 2022 को चिरमिरी स्थित शिव मंदिर में उनका विवाह हुआ और इससे जुड़े दस्तावेज भी तैयार किए गए.
विवाह के बाद मतभेद होने पर पति ने शादी को मानने से इनकार किया. उसका दावा था कि युवती के परिजनों ने दबाव डालकर उससे विवाह कराया और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए. उसने यह भी कहा कि विवाह के दौरान अग्नि के सामने सात फेरे यानी सप्तपदी पूरी नहीं हुई थी. इसी आधार पर उसने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 11 के तहत विवाह को शून्य घोषित कराने की मांग की थी.
युवती ने इन आरोपों से इनकार किया. उसका कहना था कि विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था और विवाह के बाद पति ने उसे पत्नी के रूप में स्वीकार किया. दोनों करीब डेढ़ महीने तक साथ भी रहे. उसने आरोप लगाया कि पति भरण-पोषण की जिम्मेदारी से बचने के लिए विवाह को अमान्य घोषित कराने की कोशिश कर रहा है.
हाईकोर्ट की कानूनी व्याख्या
खंडपीठ ने हिंदू विवाह अधिनियम की धाराओं 5, 7 और 11 का विश्लेषण किया. अदालत ने कहा कि धारा 7 के तहत विवाह संबंधित रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार होता है. यदि किसी परंपरा में सप्तपदी अनिवार्य है, तो सातवां कदम पूरा होने पर विवाह संपन्न माना जाता है. हालांकि, धारा 11 के तहत विवाह को शून्य घोषित करने के आधार सीमित हैं और इसके लिए धारा 5 की अनिवार्य शर्तों का उल्लंघन होना जरूरी है.
हाईकोर्ट ने परिवार अदालत का फैसला निरस्त किया, लेकिन पति की मूल याचिका खारिज कर दी.
