छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कहा है कि केवल शादी का वादा पूरा नहीं होने के आधार पर हर मामले में बनाए गए शारीरिक संबंध को दुष्कर्म नहीं माना जा सकता. अदालत ने आरोपी को बरी करने के ट्रायल कोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए पीड़िता की अपील खारिज कर दी.
यह फैसला जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास और जस्टिस सुधीर कुमार की पीठ ने सुनाया. पीठ ने माना कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ट्रायल कोर्ट का यह निष्कर्ष सही था कि आरोपी और पीड़िता के बीच संबंध सहमति से बने थे. अदालत ने कहा कि निचली अदालत के फैसले में ऐसी कोई त्रुटि नहीं है, जिसके आधार पर उसमें हस्तक्षेप किया जाए.
मामले के अनुसार, पीड़िता का वर्ष 2020 में तलाक हुआ था. जून 2021 में जगदलपुर के एक संगीत समूह से जुड़ने के दौरान उसकी मुलाकात हिमांशु झा से हुई. आरोप है कि झा ने अपनी पत्नी की मृत्यु की जानकारी देते हुए पीड़िता से शादी का प्रस्ताव रखा और परिवार की सहमति लेने का भरोसा दिलाया.
पीड़िता ने आरोप लगाया था कि 10 अगस्त 2021 से 11 अप्रैल 2024 के बीच शादी का वादा कर आरोपी ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए. दिसंबर 2023 में उसने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन आरोपी के शादी करने के आश्वासन के बाद एफआईआर दर्ज नहीं कराई. बाद में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद भारतीय दंड संहिता की धाराओं 376(2)(एन), 323 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया.
ट्रायल कोर्ट ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को बरी कर दिया था. अपील में इस फैसले को चुनौती दी गई. हाईकोर्ट ने पीड़िता के बयानों का भी उल्लेख किया, जिसमें उसने कहा था कि पहली बार संबंध जबरदस्ती नहीं बनाए गए थे. अदालत के अनुसार, दोनों के बीच करीब दो से तीन वर्ष तक संबंध रहे थे.
