छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कहा है कि किसी बेटी को केवल शादीशुदा होने के आधार पर अनुकंपा नियुक्ति से वंचित नहीं किया जा सकता. अदालत के मुताबिक, यह मान लेना कि विवाह के बाद बेटी अपने पति पर निर्भर हो गई है और माता-पिता पर उसकी निर्भरता खत्म हो गई, कानूनी रूप से उचित नहीं है.
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक से जुड़े दो मामलों में यह फैसला सुनाया. अदालत ने माना कि यदि उसी योजना के तहत शादीशुदा बेटों को आश्रित परिवार के सदस्य के रूप में नियुक्ति के लिए विचार किया गया है, तो शादीशुदा बेटियों को केवल उनके वैवाहिक status के आधार पर अलग नहीं किया जा सकता.
निर्भरता का फैसला तथ्यों से होगा
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि अनुकंपा नियुक्ति कोई सामान्य या विरासत में मिलने वाली नौकरी नहीं है. इसका उद्देश्य सेवा के दौरान कर्मचारी की मृत्यु से परिवार पर आए अचानक आर्थिक संकट को कम करना है. इसलिए पात्रता का परीक्षण संबंधित योजना और परिवार की वास्तविक स्थिति के आधार पर किया जाना चाहिए.
अदालत ने कहा कि किसी आवेदक की dependency यानी आर्थिक निर्भरता एक तथ्यात्मक प्रश्न है. इसे केवल इस आधार पर तय नहीं किया जा सकता कि आवेदक महिला की शादी हो चुकी है. बैंक या संबंधित विभाग को वास्तविक परिस्थितियों, परिवार की आय और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करना होगा.
दो बेटियों की नियुक्ति का मामला
मामले में याचिकाकर्ताओं के पिता छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में कार्यरत थे और सेवा के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी. इसके बाद उनकी शादीशुदा बेटियों ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया, लेकिन दावों को इस आधार पर खारिज कर दिया गया कि वे विवाहित हैं.
डिवीजन बेंच ने सिंगल बेंच के फैसले को पलटते हुए दोनों अपीलों को मंजूर किया और बैंक को याचिकाकर्ताओं के पक्ष में अनुकंपा नियुक्ति के आदेश जारी करने का निर्देश दिया. अदालत का यह निष्कर्ष उस स्थिति पर आधारित है जिसमें शादीशुदा बेटियों को वैवाहिक स्थिति के कारण बाहर किया गया था, जबकि समान परिस्थितियों में शादीशुदा बेटों को लाभ दिया गया.
फैसला किन मामलों पर लागू होगा
हाईकोर्ट के फैसले का अर्थ यह नहीं है कि हर शादीशुदा बेटी को स्वतः नौकरी मिल जाएगी. आवेदक को संबंधित अनुकंपा नियुक्ति योजना की अन्य शर्तें भी पूरी करनी होंगी और वास्तविक निर्भरता साबित करनी होगी.
फैसले का अहम बिंदु यह है कि विवाह अपने-आप में अयोग्यता का आधार नहीं हो सकता. किसी बेटी के दावे पर निर्णय लेते समय विभाग को लिंग या वैवाहिक स्थिति से जुड़ी धारणा के बजाय समानता और वास्तविक आर्थिक निर्भरता के आधार पर विचार करना होगा.
