छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने कहा है कि तलाक के बाद मां के साथ रह रही नाबालिग बेटी का पासपोर्ट बनवाने के लिए पिता की अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) अनिवार्य नहीं है. अदालत ने क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, रायपुर को निर्देश दिया कि अन्य जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आदेश की प्रति मिलने से चार सप्ताह के भीतर बच्ची का पासपोर्ट जारी किया जाए.

जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकलपीठ ने सान्वी आनंद की याचिका स्वीकार करते हुए यह आदेश दिया. अदालत ने पासपोर्ट कार्यालय की 18 सितंबर 2026 की कार्रवाई को मनमाना और कानून के अनुरूप नहीं माना.

मामले के अनुसार, बिलासपुर निवासी आकांक्षा आनंद की शादी 20 जून 2014 को वरुण आनंद से हुई थी. उनकी बेटी सान्वी का जन्म 27 अक्टूबर 2020 को हुआ. दंपती का 9 मई 2025 को हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13-बी के तहत तलाक हुआ. तलाक की डिक्री में बेटी की कस्टडी मां को दी गई, जबकि पिता को उससे मिलने का अधिकार मिला. पिता ने बच्ची के मां के साथ रहने पर आपत्ति नहीं जताई थी.

मां ने 13 दिसंबर 2025 को बेटी के पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था. क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने पिता की NOC नहीं मिलने के आधार पर आवेदन खारिज कर दिया. याचिका में कहा गया कि मां को पूर्व पति के वर्तमान ठिकाने की जानकारी नहीं है और उन्होंने पासपोर्ट नियमों के तहत एकल अभिभावक की घोषणा भी जमा की थी.

हाई कोर्ट ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत विदेश यात्रा का अधिकार व्यक्तिगत स्वतंत्रता का हिस्सा है. पासपोर्ट अधिनियम की धारा 6 में पिता की सहमति नहीं मिलना पासपोर्ट अस्वीकार करने का आधार नहीं है. अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के मेनका गांधी मामले और कई हाई कोर्ट के फैसलों का भी उल्लेख किया.