बिलासपुर हाई कोर्ट ने छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार से इसके स्रोतों की जानकारी मांगी है. कोर्ट ने जानना चाहा कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का निर्माण, परिवहन और आपूर्ति कहां से हो रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है.
हाई कोर्ट की निगरानी के बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. निकायों को 1 जुलाई से 7 अक्टूबर 2026 तक की कार्रवाई का ब्योरा निर्धारित प्रपत्र में देना होगा.
मुख्य सचिव दाखिल करेंगे नया शपथपत्र
संकलित जानकारी के आधार पर मुख्य सचिव हाई कोर्ट में नया शपथपत्र और कार्रवाई रिपोर्ट पेश करेंगे. मामले की अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को होनी है. यह प्रकरण नितिन सांघवी की जनहित याचिका से जुड़ा है. 13 मई की सुनवाई में कोर्ट ने कहा था कि केवल जुर्माना लगाने से प्रतिबंध का उद्देश्य पूरा नहीं होगा.
निकायों से सफाई और प्लास्टिक कचरा हटाने के अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के निर्माण, परिवहन, भंडारण और आपूर्ति के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी मांगी गई है. प्रकरणों की संख्या, जब्ती की मात्रा और की गई कार्रवाई का विवरण भी रिपोर्ट में देना होगा.
पहले की कार्रवाई का आंकड़ा
मुख्य सचिव के 7 जुलाई के शपथपत्र के अनुसार, प्रदेश के 194 नगरीय निकायों में 1 जुलाई 2022 से मई 2026 तक 16,497 निरीक्षण किए गए. इस दौरान 9,216 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त हुआ और 59,75,574 रुपये जुर्माना वसूला गया.
रायपुर में 7,26,500 रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति लगाई गई और एक निर्माता के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज हुई. बिलासपुर में मई-जून 2026 के विशेष अभियानों के दौरान करीब 386 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त कर 93,100 रुपये जुर्माना और पर्यावरण क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की गई.
