बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पदोन्नति से जुड़े एक मामले में कहा है कि अनारक्षित पद किसी एक वर्ग, विशेषकर सामान्य वर्ग, के लिए आरक्षित नहीं होता. अदालत ने निर्देश दिया कि यदि आरक्षित वर्ग का कर्मचारी वरिष्ठता और योग्यता के आधार पर अनारक्षित पद के लिए पात्र है, तो उसके नाम पर भी विचार किया जाना चाहिए.

मामला रायपुर के काशीराम नगर निवासी अलख राम ध्रुव से जुड़ा है. वह लोक शिक्षण संचालनालय में सहायक ग्रेड-एक के पद पर कार्यरत थे और अनुसूचित जनजाति वर्ग से आते हैं. वर्ष 2016 में सहायक अधीक्षक पद पर पदोन्नति के लिए विभागीय पदोन्नति समिति यानी डीपीसी आयोजित की गई थी. ध्रुव को इस प्रक्रिया में पदोन्नति नहीं दी गई, जिसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की.

याचिका के अनुसार, उस समय सहायक अधीक्षक के दो पद उपलब्ध थे. इनमें एक पद अनारक्षित और दूसरा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए था. ध्रुव का दावा था कि वह वरिष्ठ होने के बावजूद केवल इस आधार पर पदोन्नति प्रक्रिया से बाहर कर दिए गए कि अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए कोई रिक्त पद उपलब्ध नहीं था. डीपीसी में उनसे कनिष्ठ कर्मचारियों के नामों पर विचार किया गया.

वरिष्ठता सूची में ध्रुव सुनील कुमार भूमरकर और शैलेश शर्मा से ऊपर थे. राज्य की ओर से सरकारी अधिवक्ता अखिलेश कुमार ने याचिका का विरोध करते हुए कहा कि 2016 में उपलब्ध दोनों पद आरक्षण रोस्टर के अनुसार भरे गए और प्रक्रिया नियमों के मुताबिक हुई.

जस्टिस राकेश मोहन पांडेय की पीठ ने विभागीय पदोन्नति समिति की समीक्षा कराने का आदेश दिया है. विभाग को ध्रुव के नाम पर सहायक अधीक्षक पद पर पदोन्नति के लिए नए सिरे से विचार कर 90 दिनों के भीतर प्रक्रिया पूरी करनी होगी.