बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने रायपुर कलेक्ट्रेट में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 चुम्पेश्वर साव को वेतनवृद्धि से जुड़े मामले में राहत दी है. कोर्ट ने कहा कि हिंदी टाइपिंग कौशल परीक्षा समय पर आयोजित नहीं होने की जिम्मेदारी कर्मचारी पर डालकर उसकी वेतनवृद्धि रोकना या पहले दी गई राशि की वसूली करना उचित नहीं है.

जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की एकलपीठ ने 8 अक्टूबर 2026 को जारी उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसके आधार पर वेतनवृद्धि की राशि को गलत बताते हुए वसूली शुरू की गई थी. कोर्ट ने साव को वर्ष 2014 से 2023 तक की वेतनवृद्धि का लाभ देने का निर्देश दिया है.

परीक्षा में हुई विभागीय देरी

चुम्पेश्वर साव की नियुक्ति वर्ष 2014 में अनुकंपा के आधार पर हुई थी. संबंधित नीति के तहत निर्धारित अवधि में हिंदी टाइपिंग कौशल परीक्षा पास करना जरूरी था. याचिका में बताया गया कि विभाग ने लंबे समय तक यह परीक्षा आयोजित नहीं की.

वर्ष 2023 में जिला स्तर पर परीक्षा कराने की तैयारी हुई, लेकिन बाद में इसे रद्द कर लोक शिक्षण संचालनालय के माध्यम से केंद्रीकृत परीक्षा कराने का फैसला लिया गया. इसके बाद 22 मार्च 2024 की सूचना के आधार पर 12 और 19 मई 2024 को परीक्षा आयोजित की गई.

राज्य शासन ने अदालत में दलील दी कि अनुकंपा नियुक्ति नीति में परीक्षा पास करने की शर्त स्पष्ट है. हाई कोर्ट ने इस शर्त को स्वीकार किया, लेकिन कहा कि जिस अवधि में विभाग ने परीक्षा नहीं कराई, उस दौरान कर्मचारी को वेतनवृद्धि से वंचित नहीं किया जा सकता. कोर्ट ने यह भी माना कि कर्मचारी ने जानबूझकर परीक्षा देने से परहेज नहीं किया था.

अधिकारियों को नियुक्ति और परीक्षा उत्तीर्ण करने के वर्ष का परीक्षण कर वेतन का पुनर्निर्धारण, बकाया राशि का भुगतान और वसूली में काटी गई रकम वापस करनी होगी. यह प्रक्रिया आदेश की प्रति मिलने के तीन महीने के भीतर पूरी करनी होगी. हालांकि, आगे की वेतनवृद्धि और नियमितीकरण के लिए लागू नीति के अनुसार हिंदी टाइपिंग परीक्षा पास करना अनिवार्य रहेगा.