बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पति की पहली शादी और तलाक की जानकारी छिपाने, दहेज मांगने तथा अमेरिका में मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोपों से जुड़े मामले में दर्ज एफआईआर रद्द करने से इनकार कर दिया है. अदालत ने कहा कि प्राथमिकी में आरोपितों के खिलाफ विशिष्ट आरोप हैं और जांच अभी शुरुआती चरण में है.

जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास और जस्टिस सुधीर कुमार की पीठ ने पति समेत छह आरोपितों की याचिका खारिज कर दी. मामला दुर्ग जिले के रिसाली, भिलाई निवासी श्रद्धा मिश्रा की शिकायत से जुड़ा है. शिकायत के अनुसार, 12 फरवरी 2024 को पुलगांव, दुर्ग स्थित अनंता ग्रीन में हिंदू रीति-रिवाज से उनकी शादी अंकित रावत से हुई थी. आरोप है कि शादी से पहले अंकित को अविवाहित बताया गया, जबकि उसकी पहले शादी हो चुकी थी और तलाक भी हो गया था.

शिकायत में मायके पक्ष की ओर से करीब 10 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान देने का उल्लेख है. इसके बावजूद कम दहेज लाने के ताने और अतिरिक्त पैसों की मांग करने का आरोप लगाया गया है. महिला ने अमेरिका में रहने के दौरान प्रताड़ना, गर्भावस्था और बेटी के जन्म के बाद भी उत्पीड़न जारी रहने की बात कही है.

शिकायत के मुताबिक, 28 अप्रैल 2026 को ससुर के नाबालिग बच्ची को गोद में लेकर शराब पीने पर आपत्ति जताने के बाद विवाद और मारपीट हुई. इसके बाद महिला को बेटी के साथ भारत भेज दिया गया. महिला थाना, दुर्ग में 18 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज हुई थी.

याचिकाकर्ताओं ने दावा किया कि विवाह न्यू जर्सी में हुआ था और पहली शादी की जानकारी श्रद्धा को पहले से थी. हाईकोर्ट ने कहा कि विवाह कहां हुआ, यह विवादित तथ्य है. केवल विदेशी मैरिज सर्टिफिकेट के आधार पर एफआईआर रद्द नहीं की जा सकती. अदालत ने स्पष्ट किया कि उसने मामले के गुण-दोष पर कोई राय नहीं दी है और जांच एजेंसी कानून के अनुसार आगे बढ़ेगी.