बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने दुर्ग जिले में महिला की आत्महत्या से जुड़े मामले में पुलिस उप अधीक्षक अनामिका जैन के खिलाफ चल रही विभागीय जांच में सीमित राहत दी है. जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की एकलपीठ ने निर्देश दिया कि आपराधिक मुकदमे में जिन साझा गवाहों के बयान अभी दर्ज नहीं हुए हैं, उनकी गवाही विभागीय जांच में पहले नहीं कराई जाए. इन गवाहों के बयान संबंधित आपराधिक न्यायालय में दर्ज होने के बाद विभागीय जांच नियमानुसार आगे बढ़ सकेगी.

मामला 17-18 जुलाई 2020 को दुर्ग जिले में मुतिका सोनी की मृत्यु से जुड़ा है. पुरानी भिलाई थाने में अपराध क्रमांक 199/2020 के तहत भारतीय दंड संहिता की धाराओं 306 और 34 में मामला दर्ज किया गया था. जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया गया.

विभागीय आरोप के अनुसार, 17 जुलाई 2020 की रात करीब आठ बजे अनामिका जैन एक अन्य महिला के साथ मुतिका सोनी के घर गई थीं. आरोप है कि वहां गाली-गलौज, अपमान और मानसिक प्रताड़ना की गई, जिससे मुतिका सोनी को आत्महत्या के लिए उकसाया गया. इन आरोपों का अंतिम निर्धारण आपराधिक न्यायालय की कार्यवाही में होना है.

अनामिका जैन की ओर से दलील दी गई कि विभागीय जांच और आपराधिक मुकदमे में घटना, आरोप और कई गवाह समान हैं. विभागीय जांच में साझा गवाहों के बयान पहले होने पर आपराधिक मुकदमे में उनका बचाव प्रभावित हो सकता है.

राज्य शासन ने इस मांग का विरोध करते हुए कहा कि विभागीय जांच और आपराधिक मुकदमा अलग प्रकृति की कार्यवाहियां हैं. हाई कोर्ट ने माना कि सामान्य तौर पर दोनों कार्यवाहियां साथ चल सकती हैं, लेकिन इस मामले में दोनों का आधार और साक्ष्य काफी हद तक समान हैं.

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि विभागीय जांच पर अनिश्चितकालीन रोक नहीं लगाई गई है. केवल साझा गवाहों की गवाही आपराधिक न्यायालय में उनके बयान दर्ज होने तक टाली गई है.