छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कहा है कि निजी धार्मिक संस्था या खुद को शरिया अदालत बताने वाला निकाय किसी व्यक्ति की वैवाहिक स्थिति तय नहीं कर सकता और न ही कानूनी रूप से तलाक प्रदान कर सकता है. अदालत ने रायपुर स्थित Idara-E-Shariya Islami Court के 18 जनवरी 2022 के उस आदेश को कानूनी अधिकार से परे माना, जिसमें एक मुस्लिम महिला को उसके पति से तलाकशुदा बताया गया था.
यह फैसला जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद ने 7 सितंबर 2026 को सुनाया. अदालत ने स्पष्ट किया कि ऐसे निकाय संविधान या किसी वैध कानून के तहत गठित अदालत नहीं हैं. उनका पत्र, राय या निर्णय किसी वैधानिक अदालत की डिक्री नहीं माना जा सकता और उससे किसी व्यक्ति के कानूनी अधिकार, दायित्व या वैवाहिक स्थिति में बदलाव नहीं आता.
विवाद की पृष्ठभूमि
याचिकाकर्ता ने अपने पहले पति की मृत्यु के बाद जुलाई 2020 में दूसरी शादी की थी. बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. पति का दावा था कि उसने 31 अगस्त, 30 सितंबर और 30 अक्टूबर 2021 को तीन चरणों में Talaq-e-Hasan दिया था. महिला ने उत्पीड़न और क्रूरता के आरोप लगाए थे, जिसके बाद नवंबर 2021 में रायपुर के महिला थाने में FIR दर्ज की गई.
इसी विवाद के दौरान Idara-E-Shariya Islami Court ने जनवरी 2022 में महिला को तलाकशुदा घोषित करने वाला पत्र जारी किया. महिला ने हाईकोर्ट में इस निकाय के अधिकार और उसके आदेश के कानूनी प्रभाव को चुनौती दी.
हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के 2014 के Vishwa Lochan Madan फैसले का हवाला देते हुए कहा कि Dar-ul-Qaza या ऐसे धार्मिक निकाय कानून से बनाए गए न्यायिक संस्थान नहीं हैं. इनके फतवे या निर्णय बाध्यकारी नहीं होते और उन्हें जबरन लागू नहीं किया जा सकता.
अदालत ने कहा कि धर्म व्यक्ति के विवेक और आस्था का मार्गदर्शन कर सकता है, लेकिन कोई निजी धार्मिक संस्था कानूनी अदालत का अधिकार अपने हाथ में नहीं ले सकती. वैवाहिक स्थिति और नागरिक अधिकारों पर बाध्यकारी फैसला केवल कानून के तहत स्थापित सक्षम प्राधिकारी ही दे सकता है.
Talaq-e-Hasan की वैधता पर फैसला नहीं
हाईकोर्ट ने यह स्पष्ट किया कि उसका फैसला Talaq-e-Hasan की संवैधानिक वैधता पर नहीं है. इस व्यापक कानूनी प्रश्न पर सुप्रीम कोर्ट में कार्यवाही लंबित होने का हवाला देते हुए हाईकोर्ट ने मुद्दे को खुला छोड़ दिया.
अदालत ने केवल यह तय किया कि Idara-E-Shariya Islami Court को महिला की वैवाहिक स्थिति निर्धारित करने या उसके विवाह को कानूनी रूप से समाप्त घोषित करने का अधिकार नहीं था. याचिका को इसी सीमा तक मंजूर किया गया.
