बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने न्यायालय के आदेश का करीब नौ महीने तक पालन नहीं किए जाने के मामले में आबकारी कमिश्नर पीएस एल्मा और अपर आबकारी आयुक्त पीएल साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू की एकलपीठ ने दोनों अधिकारियों से पूछा है कि उनके खिलाफ न्यायालय अवमानना अधिनियम के तहत कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए. अधिकारियों को तीन सप्ताह में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया गया है.

मामला जांजगीर-चांपा आबकारी विभाग में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत मुकेश कुमार शर्मा की विभागीय पदोन्नति परीक्षा से जुड़ा है. शर्मा ने आबकारी उपनिरीक्षक पद की परीक्षा में हिस्सा लिया था. चयन प्रक्रिया के दौरान उनके सेवा अभिलेख में वर्ष 2017, 2018 और 2019 की प्रतिकूल प्रविष्टियों के आधार पर 15 अंक कम कर दिए गए थे. इसके चलते वह पदोन्नति प्रक्रिया से बाहर हो गए.

शर्मा ने अधिवक्ता अभिषेक पाण्डेय के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका दायर कर इन प्रविष्टियों को चुनौती दी थी. 16 दिसंबर 2025 को जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की पीठ ने कहा था कि संबंधित प्रतिकूल टिप्पणियां याचिकाकर्ता को पहले से सूचित किए बिना दर्ज की गई थीं और उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर भी नहीं दिया गया था.

अदालत ने इन प्रविष्टियों को हटाने और उपलब्ध अन्य सेवा अभिलेखों के आधार पर शर्मा के मामले पर दोबारा विचार करने का निर्देश दिया था. विभाग को 90 दिनों के भीतर नया आदेश पारित करना था. आदेश में सुप्रीम कोर्ट के रुखसाना शाहीन खान मामले में प्रतिपादित सिद्धांत का भी उल्लेख किया गया था.

निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी आदेश पर अमल नहीं होने पर शर्मा ने अवमानना याचिका दायर की. सुनवाई के दौरान उनकी ओर से कहा गया कि आदेशों के पालन में देरी से राहत मिलने में विलंब होता है और अवमानना मामलों का बोझ बढ़ता है. हाई कोर्ट ने कहा है कि अधिकारियों के जवाब के आधार पर आगे की अवमानना कार्रवाई पर विचार किया जाएगा.