छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने कोरबा से कोंडागांव तबादला किए गए सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार तंवर को अंतरिम राहत दी है. जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की एकलपीठ ने तबादला आदेश और उसी दिन जारी किए गए कार्यमुक्ति आदेश पर रोक लगा दी है. यह रोक स्थानांतरण नीति के तहत गठित समिति के निर्णय तक प्रभावी रहेगी.

कमलेश कुमार तंवर का 3 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत कोरबा से कोंडागांव जिले के माकड़ी तबादला किया गया था. उन्हें उसी दिन कार्यमुक्त भी कर दिया गया. याचिका में बताया गया कि वे सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं और बाद में उन्हें कोरबा में प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई थी.

याचिकाकर्ता के अनुसार, उनकी पत्नी सरकारी सेवा में हैं और कोरबा जिले के दीपका में पटवारी के पद पर तैनात हैं. उन्होंने राज्य की स्थानांतरण नीति की कंडिका 3.13 का हवाला देते हुए कहा कि पति-पत्नी दोनों के सरकारी कर्मचारी होने पर यथासंभव एक ही स्थान पर पदस्थापना का प्रावधान है. इस संबंध में उन्होंने विभाग के समक्ष अभ्यावेदन भी दिए थे.

याचिका में यह आरोप भी लगाया गया कि कोरबा में किसी अन्य कर्मचारी की पदस्थापना किए बिना उनका तबादला किया गया और नीति के अनुसार कार्यमुक्ति के लिए 10 दिन का समय भी नहीं दिया गया. याचिकाकर्ता ने कोरबा में जितेंद्र कुमार साहू को विकासखंड शिक्षा अधिकारी बनाए जाने को चुनौती देने वाली अपनी लंबित याचिका का भी उल्लेख किया.

राज्य सरकार ने तबादले को प्रशासनिक आवश्यकता बताया और कहा कि पति-पत्नी की अलग-अलग पदस्थापना से संबंधित शिकायत पर स्थानांतरण नीति की कंडिका 8 के तहत गठित समिति के समक्ष अभ्यावेदन दिया जा सकता है.

हाई कोर्ट ने तंवर को आदेश की तारीख से सात दिन के भीतर समिति के समक्ष अभ्यावेदन देने की अनुमति दी है. समिति को अभ्यावेदन मिलने के 20 दिन के भीतर कानून और स्थानांतरण नीति के अनुसार निर्णय लेना होगा. अदालत ने इसी अवधि तक संबंधित तबादला और कार्यमुक्ति आदेश पर रोक लगाते हुए याचिका का निराकरण कर दिया.