छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने सरकारी कर्मचारियों के निलंबन से जुड़े एक मामले में कहा है कि विभागीय चार्जशीट तय समय के भीतर दे दी गई हो तो केवल 90 दिनों के भीतर निलंबन जारी रखने का अलग आदेश न आने से मूल निलंबन स्वतः समाप्त नहीं हो जाता.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की बेंच ने साथ ही स्पष्ट किया कि राज्य किसी कर्मचारी को अनिश्चितकाल तक निलंबित नहीं रख सकता. लंबे समय से जारी निलंबन के मामलों में सक्षम प्राधिकारी को सभी प्रासंगिक पहलुओं पर स्वतंत्र और सार्थक समीक्षा करनी होगी.
मामला कोरबा कलेक्टर कार्यालय में सहायक ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत शिवम सहाय चौहान से जुड़ा है. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें 25 मार्च 2022 को निलंबित किया गया था और विभागीय चार्जशीट 20 अप्रैल 2022 को दी गई. निलंबन जारी रखने का आदेश 90 दिनों के भीतर नहीं आया था, जबकि बाद में 28 अगस्त 2023 को निलंबन बढ़ाने का आदेश जारी हुआ.
सिंगल बेंच का आदेश रद्द
कर्मचारी ने निलंबन को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी. सिंगल बेंच ने 90 दिनों के भीतर विस्तार आदेश नहीं आने को आधार मानते हुए आदेशों को रद्द कर सेवा में बहाली का निर्देश दिया था. राज्य सरकार ने इसके खिलाफ अपील की.
अपील पर डिवीजन बेंच ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9(5-ए) का उल्लेख किया. बेंच के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी के संशोधित या निरस्त करने तक निलंबन आदेश प्रभावी रह सकता है.
कोर्ट ने सिंगल बेंच का आदेश रद्द करते हुए राज्य की अपील स्वीकार कर ली और मूल रिट याचिका खारिज कर दी. हालांकि, सक्षम प्राधिकारी को कर्मचारी के लंबे निलंबन की नए सिरे से समीक्षा करने का निर्देश भी दिया गया है.
