छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने अपने खर्च पर बीएड, डीएड या बीटीआई प्रशिक्षण लेने वाले शिक्षकों को दो अग्रिम वेतन वृद्धि देने की मांग खारिज कर दी है. अदालत ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण के आधार पर इस लाभ का अधिकार पूर्व के न्यायिक फैसलों में पहले ही तय हो चुका है.

जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की एकल पीठ ने दो याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया. याचिकाकर्ता रायपुर, गरियाबंद और महासमुंद जिलों की शासकीय प्राथमिक शालाओं में पदस्थ प्रधान पाठक बताए गए हैं. इनमें छतेंद्र सिंह ठाकुर, सुधीर सिंह ठाकुर और अन्य शामिल थे.

शासन के निर्णय को दी थी चुनौती

याचिकाकर्ताओं ने दो अग्रिम वेतन वृद्धि का लाभ न देने के शासन के निर्णय को चुनौती दी थी. उन्होंने पहले भुगतान की जा चुकी वेतन वृद्धि की राशि की संभावित वसूली से राहत भी मांगी थी.

याचिकाकर्ताओं की ओर से दिनेश कुमार वर्मा बनाम छत्तीसगढ़ राज्य मामले में हुए फैसले का हवाला दिया गया. दूसरी ओर, शासन ने अदालत के समक्ष कहा कि स्व-वित्तपोषित बीएड, डीएड या बीटीआई प्रमाणपत्र के आधार पर अग्रिम वेतन वृद्धि का प्रश्न पूर्व के न्यायिक निर्णयों से स्पष्ट है. शासन ने नीलम दुबे और दिनेश कुमार वर्मा के मामलों का भी उल्लेख किया.

वसूली आदेश आया तो चुनौती की छूट

अदालत ने अग्रिम वेतन वृद्धि की पात्रता के मुद्दे पर याचिकाकर्ताओं को राहत नहीं दी. साथ ही, संभावित वसूली के सवाल पर कहा कि अभी उनके खिलाफ कोई औपचारिक रिकवरी आदेश जारी नहीं हुआ है. इस कारण इस हिस्से में याचिका को समय से पहले माना गया.

हालांकि, हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में शासन पहले दी गई राशि की वसूली का आदेश जारी करता है, तो संबंधित शिक्षक उस आदेश को चुनौती देने के लिए फिर से अदालत का रुख कर सकेंगे.