छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने कहा है कि रोस्टर में अनारक्षित पद का अर्थ सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित पद नहीं होता. यदि आरक्षित वर्ग का कोई कर्मचारी वरिष्ठता और योग्यता के आधार पर पात्र है, तो अनारक्षित पद पर पदोन्नति के लिए उसके नाम पर भी विचार किया जाना चाहिए.
जस्टिस राकेश मोहन पांडेय की पीठ ने अनुसूचित जनजाति वर्ग के कर्मचारी अलख राम ध्रुव से जुड़े मामले में यह निर्देश दिया. ध्रुव स्कूल शिक्षा विभाग के लोक शिक्षण संचालनालय में सहायक ग्रेड-एक के पद पर कार्यरत थे. वर्ष 2016 में सहायक अधीक्षक पद पर पदोन्नति के लिए विभागीय पदोन्नति समिति यानी डीपीसी की बैठक हुई थी, लेकिन उन्हें पदोन्नति नहीं मिली.
इसके बाद ध्रुव ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की. अदालत ने मामले में डीपीसी की प्रक्रिया नए सिरे से कराने का आदेश दिया है. निर्देश के अनुसार, समिति को सहायक अधीक्षक पद पर पदोन्नति के लिए ध्रुव के नाम पर फिर से विचार करना होगा.
अदालत ने विभाग को पूरी प्रक्रिया 90 दिन के भीतर पूरी कर निर्णय लेने को कहा है. आदेश का मुख्य आधार यह है कि अनारक्षित पद किसी एक सामाजिक वर्ग के लिए आरक्षित नहीं माना जा सकता और पात्रता रखने वाले आरक्षित वर्ग के कर्मचारियों को भी मेरिट के आधार पर अवसर मिलना चाहिए.
