रायपुर में प्रस्तावित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सत्र के लिए खिलाड़ियों का चयन 28 और 29 सितंबर को दो दिवसीय ट्रायल के जरिए किया जाएगा. ट्रायल सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 पर सुबह 9 बजे से होगा.

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार, इस चयन प्रक्रिया से लीग की छह टीमों के लिए खिलाड़ी चुने जाएंगे. लीग का पहला सत्र 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक इसी स्टेडियम में आयोजित किया जाना है.

चयन प्रक्रिया की लिखित जानकारी देने के निर्देश

विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने छत्तीसगढ़ हॉकी संघ को ट्रायल के लिए जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं. विभाग ने कहा है कि ट्रायल शुरू होने से पहले खिलाड़ियों को चयन के मापदंडों और पूरी प्रक्रिया की लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाए.

निर्देशों में चयन प्रक्रिया को तय नियमों के अनुरूप और पारदर्शी ढंग से पूरा करने को कहा गया है. ट्रायल समाप्त होने के बाद चयनित छह टीमों की सूची तथा चयन प्रक्रिया की रिपोर्ट खेल संचालनालय को सौंपी जाएगी.

ट्रायल की व्यवस्था और तकनीकी सहयोग के लिए दीनू प्रसाद पटेल, खेल अधिकारी रश्मि संध्या एक्का और वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक राकेश टोप्पो को जिम्मेदारी दी गई है.

लीग चरण के बाद सेमीफाइनल

पहले सत्र में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी. सभी टीमें लीग चरण में मुकाबले खेलेंगी. अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमें फाइनल खेलेंगी.

आयोजकों के अनुसार, मैचों के लिए अंपायर और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति हॉकी इंडिया की ओर से की जाएगी. लीग के मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रखा जाएगा. टूर्नामेंट के दौरान हॉकी मैचों के साथ प्रतिदिन मनोरंजन कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं.

लीग का शुभंकर ‘बघवा’ रखा गया है, जो बाघ पर आधारित है. इसकी टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ है.