रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन ने वर्ष 2027 के लिए शासकीय कार्यालयों और संस्थानों में लागू होने वाले अवकाशों की सूची जारी कर दी है. सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना में सामान्य अवकाश, सार्वजनिक अवकाश और ऐच्छिक अवकाश की अलग-अलग जानकारी दी गई है.

अधिसूचना के अनुसार, शासकीय सेवकों को निर्धारित सामान्य अवकाश के अलावा सूची में शामिल ऐच्छिक अवकाशों में से अपनी पसंद के तीन अवकाश लेने की पात्रता होगी. इसके लिए कर्मचारियों को ऐच्छिक अवकाशों की सूची में से चयन करना होगा.

सामान्य अवकाश में प्रमुख त्योहार शामिल

वर्ष 2027 के सामान्य अवकाशों में छेरछेरा, गणतंत्र दिवस, संत रविदास जयंती, महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर, होली, गुड फ्राइडे और भक्त माता कर्मा जयंती शामिल हैं. इसके अलावा डॉ. आंबेडकर जयंती, रामनवमी, महावीर जयंती, ईद-उल-जुहा यानी बकरीद, बुद्ध पूर्णिमा, मोहर्रम, कबीर जयंती और हरेली पर भी अवकाश रहेगा.

रक्षाबंधन, कृष्ण जन्माष्टमी, हरितालिका तीज, महात्मा गांधी जयंती, दीपावली, छठ पूजा, गुरु घासीदास जयंती और क्रिसमस को भी सामान्य अवकाश सूची में रखा गया है.

रविवार को पड़ने वाले त्योहारों पर अलग अवकाश नहीं

अधिसूचना के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस, ईद-ए-मिलाद, दशहरा यानी विजयादशमी और गुरु नानक जयंती रविवार को पड़ रहे हैं. इसलिए इन अवसरों के लिए अलग से सामान्य अवकाश घोषित नहीं किया गया है.

ऐच्छिक अवकाशों में नया साल, मकर संक्रांति, बसंत पंचमी, राजिम मेला माघ पूर्णिमा, गुड़ी पड़वा, रथयात्रा, नाग पंचमी, पोला, गणेश चतुर्थी, नवाखाई, करवाचौथ और गोवर्धन पूजा सहित कई अवसर शामिल हैं. सार्वजनिक अवकाशों की अलग सूची परक्राम्य लिखित अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत जारी की गई है. बैंक और कोषालयों की वार्षिक लेखाबंदी का अवकाश केवल संबंधित संस्थानों पर लागू होगा.