छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल में होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (एचपीसी) को लेकर 17 से 19 सितंबर तक राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जा रही है. एचपीसी को राज्य के चयनित हायर सेकंडरी स्कूलों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया जाएगा.
कार्यशाला में प्रतिदिन 11 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों और पायलट प्रोजेक्ट के लिए चुने गए प्रत्येक जिले के तीन-तीन स्कूलों के प्राचार्यों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ उनके ज्ञान, व्यवहार, भावनात्मक और सामाजिक विकास का लगातार आकलन करना है.
अंकों से आगे विद्यार्थियों का आकलन
होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड में केवल परीक्षा के अंकों को आधार नहीं बनाया जाएगा. विद्यार्थियों की क्षमताओं, कौशल, सीखने की आदतों और व्यवहार को अलग-अलग गतिविधियों के जरिए समझने पर जोर रहेगा. कार्यशाला में समय प्रबंधन, समस्या समाधान, प्रोजेक्ट और लघु शोध के माध्यम से कौशल का आकलन करने के तरीके बताए गए.
प्रशिक्षण में विद्यार्थियों के स्वयं के मूल्यांकन और सहपाठियों के साथ मिलकर काम करने की क्षमता को समझने की प्रक्रियाएं भी शामिल हैं. समूह और व्यक्तिगत कार्य के दौरान उनके व्यवहार व आपसी संवाद का अवलोकन करने के साथ शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच बातचीत के आधार पर व्यक्तित्व विकास समझने की जानकारी दी गई.
परख (PARAKH) और एनसीईआरटी की ओर से तैयार एचपीसी को विद्यार्थियों के मूल्यांकन की 360 डिग्री रिपोर्ट के रूप में बताया गया है.
