छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल में 17 से 19 सितंबर तक होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (एचपीसी) को लेकर राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जा रही है. इसमें हर दिन 11 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों और पायलट प्रोजेक्ट के लिए चुने गए प्रत्येक जिले के तीन-तीन हायर सेकंडरी स्कूलों के प्राचार्य प्रशिक्षण ले रहे हैं. चयनित स्कूलों में एचपीसी को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया जाएगा.

केवल परीक्षा के अंकों तक सीमित नहीं होगा मूल्यांकन

कार्यशाला में बताया गया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया है. होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड में विद्यार्थियों का आकलन केवल परीक्षा के अंकों से नहीं किया जाएगा. इसमें उनके ज्ञान, व्यवहार, भावनात्मक और सामाजिक विकास को भी समझने का प्रयास होगा.

परख (PARAKH) और एनसीईआरटी की ओर से तैयार एचपीसी को विद्यार्थियों के मूल्यांकन की 360 डिग्री रिपोर्ट के रूप में समझाया गया. प्रशिक्षण में समय प्रबंधन, समस्या समाधान, प्रोजेक्ट और लघु शोध जैसी गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों के कौशल की जांच के तरीके बताए गए.

गतिविधियों और बातचीत से समझी जाएंगी क्षमताएं

प्रशिक्षण में विद्यार्थियों के स्वयं के मूल्यांकन और सहपाठियों के साथ मिलकर काम करने की क्षमता को समझने की प्रक्रिया भी शामिल है. समूह और व्यक्तिगत गतिविधियों के दौरान उनके व्यवहार तथा आपसी बातचीत पर ध्यान देने के तरीके बताए गए.

शिक्षक-विद्यार्थी संवाद के आधार पर व्यक्तित्व विकास को समझने, विद्यार्थियों से जुड़ी सामान्य जानकारी लेने, अपना परिचय देने और खुद का आकलन करने जैसी गतिविधियों पर भी चर्चा हुई.

पायलट प्रोजेक्ट के दौरान चयनित स्कूलों में विद्यार्थियों की क्षमताओं, कौशल, व्यवहार और सीखने की आदतों का अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से आकलन किया जाएगा. इसका उद्देश्य पढ़ाई के साथ उनके ज्ञान, भावनात्मक और सामाजिक विकास को लगातार समझना और आगे बढ़ाना है.